नानाखेड़ी कृषि उपज मंडी के गल्ला व्यापारियों से एक करोड़ से अधिक की धोखाधड़ी मामले में कैंट थाना पुलिस की तत्पर एवं प्रभावी कार्यवाही
*आरोपी को महाराष्ट्र से गिरफ्तार कर बैंक खातों में फ्रीज कराए 19 लाख रुपये*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में ठगी, धोखाधड़ी, गबन एवं अन्य आर्थिक मामलों से जुड़े अपराधों को गंभीरता से लेते हुए ऐसे अपराधों में निरंतर सख्त एवं प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं प्रभारी सीएसपी गुना श्री आनंद राय के पर्यवेक्षण में कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव और उनकी टीम द्वारा नानाखेड़ी कृषि उपज मंडी के गल्ला व्यापारियों से गेहूं खरीदकर एक करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को महाराष्ट्र के सोलापुर से गिरफ्तार कर उसके बैंक खातों में मौजूद 19 लाख रुपये फ्रीज कराने में उल्लेखनीय सफलता हासिल की गई है ।
गौरतलब है कि गल्ला व्यापारी आवेदकगण संजीव कुमार जैन, शिवनारायण कुशवाह, महेन्द्र कुशवाह, रामकृष्ण रघुवंशी आदि द्वारा पुलिस अधीक्षक गुना के समक्ष आवेदन प्रस्तुत कर उनके साथ हुई धोखाधड़ी की शिकायत की गई थी । जांच में सामने आया कि आरोपी सुनील शंकर पवार, बालाजी ट्रेडिंग कंपनी के नाम से नानाखेड़ी कृषि उपज मंडी में व्यापार करता था तथा पिछले करीब दो माह से व्यापारियों से गेहूं खरीदी का व्यवसाय कर रहा था ।
आरोपी द्वारा विभिन्न व्यापारियों से बड़ी मात्रा में गेहूं खरीदा गया तथा उन्हें कुछ-कुछ राशि का भुगतान करने के बाद शेष राशि का भुगतान नहीं किया गया । इस प्रकार विभिन्न व्यापारियों के साथ आरोपी सुनील शंकर पवार के द्वारा कुल 1,02,78,889 की धोखाधड़ी किए जाने की शिकायत प्राप्त हुई ।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल द्वारा आरोपी के विरुद्ध सख्त एवं प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिए गए । निर्देशों के पालन में कैंट थाना पुलिस द्वारा आरोपी सुनील पवार के विरुद्ध अपराध क्रमांक 678/26, धारा 318(4) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर उसकी तलाश प्रारंभ की गई ।
विवेचना के दौरान आरोपी के मूल रूप से महाराष्ट्र के सोलापुर जिले का निवासी होने की जानकारी प्राप्त होने पर कैंट थाने से पुलिस की एक टीम तत्काल सोलापुर के लिए रवाना की गई । पुलिस टीम द्वारा अपनी अंतर्राज्यीय कार्यकुशलता एवं तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए सोलापुर में आरोपी की तलाश की गई और अथक प्रयासों के बाद जहां से आरोपी सुनील पुत्र शंकर पवार उम्र 45 वर्ष निवासी मोहालताल जिला सोलापुर (महाराष्ट्र) को गिरफ्तार कर लिया गया ।
पुलिस द्वारा जांच के दौरान आरोपी के बैंक खातों की जानकारी प्राप्त की गई, जिनमें मौजूद 19 लाख रुपये की राशि फ्रीज कराई गई है । पुलिस द्वारा धोखाधड़ी की राशि, बैंक खातों में हुए लेन-देन एवं घटना से जुड़े अन्य तथ्यों के संबंध में विस्तृत जांच की जा रही है ।
गुना पुलिस द्वारा आर्थिक अपराधों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही करते हुए पीड़ितों की राशि की बरामदगी तथा आरोपियों की संपत्ति एवं बैंक खातों से संबंधित जानकारी जुटाने की कार्यवाही लगातार जारी है ।
कैंट थाना पुलिस की इस उल्लेखनीय कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव, सउनि बलवीर सिंह, प्रधान आरक्षक अशोक सरोज, आरक्षक राजू बघेल, आरक्षक नितेश पटेल, आरक्षक अभिनेष रघुवंशी एवं साइबर सेल से आरक्षक भूपेन्द्र खटीक की विशेष भूमिका रही है ।
