Type Here to Get Search Results !

जिला जेल पहुंचकर कलेक्टर ने परखी व्यवस्थाएं, सुरक्षा से स्‍वास्‍थ्‍य सुविधाओं का किया निरीक्षण

 




गुना 

कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने बुधवार को जिला जेल, गुना का निरीक्षण कर जेल की सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों के प्रबंधन, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा उपलब्ध मूलभूत व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने ई-प्रिजन प्रणाली, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग व्यवस्था एवं निर्माणाधीन बैरकों का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं का प्रभावी संचालन तथा निर्माण कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।


ई-प्रिजन प्रणाली एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग व्यवस्था का किया अवलोकन

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री कन्याल ने बंदियों की जानकारी के डिजिटलीकरण के लिए संचालित ई-प्रिजन प्रणाली का अवलोकन किया। उन्होंने क्रिमिनल प्रोसीजर आइडेंटिफिकेशन एक्ट के अंतर्गत की जा रही कार्यवाही की जानकारी प्राप्त की तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग व्यवस्था का निरीक्षण कर इसके प्रभावी संचालन के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।


बंदियों को उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की ली जानकारी

कलेक्टर श्री कन्याल ने जिला जेल में बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बंदियों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं तथा स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी न रहे।


निर्माणाधीन बैरकों का निरीक्षण कर दिए आवश्यक निर्देश

कलेक्टर श्री कन्याल ने जिला जेल परिसर में निर्माणाधीन दो नई बैरकों का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति एवं गुणवत्ता की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।


जेल की समग्र व्यवस्थाओं का किया अवलोकन

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री कन्याल ने जेल की समग्र व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को बंदियों के लिए बेहतर सुविधाएं, सुरक्षित वातावरण एवं सुव्यवस्थित प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक श्री अतुल सिन्हा, उप जेल अधीक्षक श्री जे.एस. बाथम, संविदा चिकित्सा अधिकारी श्री कुलदीप सिंह धाकड़ सहित जेल का समस्त स्टाफ उपस्थित थे।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.