श्रमण धारा प्रवचन माला
भारतीय युवा प्रतिभाओं को विदेशों में खरीदा जा रहा है।
रक्षाबंधन महामंडल विधान का आयोजन 25 अगस्त से।
राघौगढ़ 24 अगस्त। बुंदेली महाकवि, प्रखर वक्ता, महा तपस्वी मुनि श्रमण सागर जी महाराज ने प्रतिभावान युवा युवतियों को मार्गदर्शन देते हुए कहा नौकरी के लिए कंपनी के साक्षात्कार में चयन कर्ता चयन नहीं करते हैं तो निराश न हों । स्वरोजगार अपना कर स्वावलंबी बनें। कंपनी बनाकर और प्रतिभाओं को रोजगार दें।
महाराज जी ने कहा विदेशी कंपनियां भारतीय प्रतिभावान युवक युवतियों को उच्च वेतन देकर विदेश ले जा रहे हैं यह स्थिति चिंताजनक है। आपने कहा प्रतिभा परिचय की मोहताज नहीं होती है। यह भी कहा भारत में कंपनियों के साक्षात्कार में चयन न होने से युवक युवती निराश होकर अब अवसादग्रस्त हो जाते हैं। यहां तक स्थिति आ जाती है कि आत्महत्या कर लेते हैं। आपने यह भी मार्गदर्शन दिया आत्मविश्वास रखें श्रम करने से बुद्धिहीन भी बुद्धिमान बन जाता है।
भारतीय जैन मिलन के राष्ट्रीय संरक्षक एवं जैन समाज राघोगढ़ के मार्गदर्शक मंडल के सदस्य विजय कुमार जैन ने जारी विज्ञप्ति में जानकारी दी है धर्मनगरी राघौगढ़ में चातुर्मास कर रहे मुनि श्रमण सागर जी एवं मुनि ओंकार सागर जी महाराज के पावन सानिध्य में 25 अगस्त से 28 अगस्त तक रक्षाबंधन महामंडल विधान का धार्मिक आयोजन किया जा रहा है। धार्मिक आयोजन की समस्त क्रियाएं बाल ब्रह्मचारी प्रतिष्ठाचार्य तरुण भैया जी इंदौर के मार्गदर्शन में संपन्न होगी। जैन धर्म में रक्षाबंधन पर्व का विशेष महत्व है श्री अकंपनाचार्य आदि 700 जैन मुनिराजों पर आए उपसर्ग को मुनि विष्णु कुमार ने अपनी बिक्रिया ऋद्धि से दूर किया था। उन 700 मुनि राजो का श्रद्धापूर्वक स्मरण कर उन्हें विधान के माध्यम से अर्घ चढ़ाए जाते हैं। विधान के पुण्यार्जक राजेंद्र कुमार सिद्धार्थ कुमार श्रेयांश कुमार जैन मेडिकल परिवार राघौगढ़। विधान का आयोजन प्रतिदिन प्रात 7:00 से होगा। प्रातः 8:30 बजे से श्रमण धारा प्रवचन माला के अंतर्गत मुनि श्रमण सागर जी महाराज के मंगल प्रवचन होंगे। शाम को आरती भक्ति एवं प्रतिष्ठा आचार्य तरुण भैया जी के मंगल प्रवचन होंगे।
