*संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध गुना पुलिस की सतत एवं प्रभावी कार्यवाही*
सिरसी थानांतर्गत ग्राम डोंगरी में सूने घर से चांदी के आभूषण चोरी की बारदात का पुलिस ने किया सफल खुलासा, 03 आरोपी गिरफ्तार
*चोरी हुए करीब 02 लाख मूल्य के चांदी के आभूषण बरामद, फरार एक आरोपी की तलाश जारी*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम एवं चोरी की वारदातों में संलिप्त आरोपियों की पतारसी और धरपकड़ हेतु लगातार त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी गुना श्री विवेक अष्ठाना के पर्यवेक्षण में सिरसी थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अरविन्द सिंह गौर और उनकी टीम ने थाना क्षेत्र के ग्राम डोंगरी में सूने घर से हुइ चोरी की बारदात का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए प्रकरण में 03 आरोपियों को गिरफ्तार किया है । पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीबन 02 लाख मूल्य के चांदी के जेबर बरामद किए हैं ।
फरियादी शांतिराम भिलाला निवासी ग्राम डोंगरी थाना सिरसी के द्वारा सिरसी थाने में रिपोर्ट करते हुए बताया था कि दिनांक 10 सितंबर 2026 के सुबह उसके परिवार के सभी लोग खेत पर गये हुए थे, शाम को बापस लौटने पर देखा कि घर का पिछला दरबाजा खुला होकर अंदर रखे बक्सों के ताले टूटे हुए थे एवं उनमें रखे चांदी के जेबर गायब मिले, जिन्हें कोई अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया है । फरियादी की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के विरूद्ध सिरसी थाने में अपराध क्रमांक 65/26 धारा 305(ए), 331(3) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई ।
चोरी के उक्त प्रकरण में सिरसी थाना पुलिस द्वारा तत्परता से कार्यवाही करते हुए अज्ञात आरोपी की तलाश एवं पतारसी के प्रयास प्रारंभ किए गए । इस हेतु अपना मुखबिर तंत्र सक्रिय कर लगातार सूचना संकलन किया गया, साथ ही तकनीकी संसाधानों की भी मदद ली गई । इसमें पुलिस की तत्परता एवं सतत सूचना संकलन के परिणामस्वरूप पुलिस को प्रकरण के अज्ञात आरोपियों को चिन्हित करने में शीघ्र सफलता मिल गई । आरोपियों की पहचान उपरांत पुलिस द्वारा उनकी सरगर्मी से तलाश करते हुए तीन संदेही 1-रंजीत पुत्र बाल सिंह भिलाला उम्र 22 साल निवासी ग्राम डोंगरी, 2-मुनेश उर्फ मनोज पुत्र वीर सिंह भिलाला उम्र 19 साल निवासी ग्राम सुआटोर एवं 3-दल सिंह उर्फ भाया पुत्र रतन सिंह भिलाला उम्र 27 साल निवासी ग्राम डोंगरी थाना सिरसी को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ करने पर उनके द्वारा उक्त चोरी को अपने एक अन्य साथी डोंगर सिंह भिलाला के साथ मिलकर अंजाम देना स्वीकार किया, इसके बाद पुलिस ने प्रकरण में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 900 ग्राम चांदी के जेबर कीमती लगभग 02 लाख रूपये मूल्य के जेबर बरामद किए गए एवं गिरतारशुदा तीनों आरोपियों को आज दिनांक 23 सितंबर 2026 को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया । प्रकरण में फरार शेष आरोपी डोंगर सिंह भिलाला निवासी ग्राम डोंगरी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी है ।
सिरसी थाना पुलिस की इस कार्यवाही में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अरविन्द सिंह गौर, उपनिरीक्षक गुण सागर मीना, प्रधान आरक्षक लालाराम शर्मा, प्रधान आरक्षक विजय परिहार, आरक्षक रविंद्र पाल, आरक्षक राजू पाल, आरक्षक राहुल रघुवंशी, आरक्षक भूर सिंह, आरक्षक सचिन जाट, आरक्षक अभिषेक परिहार एवं साइबर सेल से आरक्षक कुलदीप यादव, आरक्षक भूपेंद्र खटीक व आरक्षक अभय रघुवंशी की सराहनीय भूमिका रही है ।
