*गुना पुलिस के टीमवर्क का परिणाम, बजरंगगढ़ थाना क्षेत्र से ट्रैक्टर चोरी की वारदात का त्वरित खुलासा*
थाना बजरंगगढ़, कैंट, डायल-112, CCTV एवं साइबर सेल के प्रभावी समन्वय से महज 04 घंटे के भीतर ट्रेक्टर बरामद, आरोपी गिरफ्तार
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं प्रभारी सीएसपी गुना श्री आनंद राय के पर्यवेक्षण में गुना पुलिस ने उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए बजरंगगढ़ थाना क्षेत्र से चोरी हुआ करीब 05 लाख रुपये कीमत का आयसर ट्रैक्टर महज 04 घंटे के भीतर बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है ।
दिनांक 30-31 अगस्त 2026 की रात्रि में कॉलर प्यारे खाँ पुत्र हसन खाँ निवासी ग्राम भौरागिर्द थाना बजरंगगढ़ के द्वारा डायल-112 पर अपने आयसर ट्रैक्टर क्रमांक MP08 AA 8443 के चोरी होने की सूचना दी गई । सूचना प्राप्त होते ही बजरंगगढ़ थाना पुलिस द्वारा मामले को गंभीरता से लेकर तत्काल कार्यवाही प्रारंभ की गई एवं फरियादी की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध बजरंगगढ़ थाने में अपराध क्रमांक 96/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया ।
बजरंगगढ़ थाना पुलिस द्वारा फरियादी से घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त कर ट्रैक्टर के आने-जाने वाले संभावित मार्गों पर सघन पतारसी की गई । पुलिस टीम द्वारा भौरागिर्द, बरखेड़ा गिर्द, पिपरोदा गिर्द, परसोदा, गेहूंखेड़ा गिर्द, करोद सहित अन्य संभावित स्थानों पर ट्रैक्टर की सरगर्मी से तलाश की गई । साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया तथा पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से जिले के विभिन्न स्थानों पर तैनात पुलिस टीमों को चोरी गए ट्रैक्टर की पतारसी हेतु तत्काल अलर्ट किया गया ।
पतारसी के दौरान सीसीटीव्ही कैमरों के विश्लेषण में चोरी गया ट्रैक्टर गुना शहर की ओर आता हुआ दिखाई दिया । बजरंगगढ़ थाना पुलिस द्वारा सीसीटीव्ही टीम से समन्वय कर संबंधित फुटेज निकलवाए जाकर सीसीटीव्ही फुटेज में ट्रैक्टर ले जाते हुए दिखाई दे रहे संदिग्ध की पहचान सोनू पुत्र प्यार खाँ, उम्र 36 वर्ष, निवासी ग्राम भौरागिर्द के रूप में की गई । इसके बाद साइबर सेल की सहायता से संदिग्ध को ट्रेस तत्काल उसे राउंडअप कर पूछताछ की गई । पूछताछ में उसके द्वारा ट्रैक्टर चोरी कर ले जाना स्वीकारते हुए बताया कि वह चोरी किए गए ट्रैक्टर को गुना लेकर आया था । इस दौरान शहर में पुलिस वाहनों की लगातार गश्त एवं चैकिंग देखकर उसे पुलिस द्वारा पीछा किए जाने का अंदेशा हुआ, जिसके चलते उसने चोरी किये गये ट्रैक्टर को गुना के गायत्री मंदिर के पास छोड़ दिया और स्वयं वापस अपने गांव पहुंच गया । तदोपरांत पुलिस टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर चोरी गये ट्रैक्टर को बरामद कर लिया गया । फरियादी द्वारा ट्रैक्टर की कीमत करीब 05 लाख रुपये बताई गई है ।
इस प्रकार रात्रि करीब 02 बजे ट्रैक्टर चोरी की सूचना प्राप्त होने से लेकर महज 04 घंटे के भीतर गुना पुलिस द्वारा त्वरित एवं समन्वित कार्यवाही करते हुए चोरी गये ट्रैक्टर को बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया । गुना पुलिस की इस तत्पर और सफल कार्यवाही में निम्नानुसार पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही है :-
थाना बजरंगगढ़ : थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कृपाल सिंह परिहार, सउनि भंवर सिंह, प्रधान आरक्षक लक्ष्मीनारायण धाकड़, प्रधान आरक्षक दिलीप कलावत, प्रधान आरक्षक जितेन्द्र शर्मा, आरक्षक राजीव सेन, आरक्षक नवल किशोर, आरक्षक महेश बंजारा, आरक्षक भूपेन्द्र गुर्जर, आरक्षक मुकेश वर्मा एवं आरक्षक अभयराज रघुवंशी ।
थाना कैंट : थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप भार्गव, सउनि रामभरोसा बैरागी एवं एनआरएस सदस्य जीतू अहिरवार, ज्वाला यादव व मयंक सूद ।
पुलिस कंट्रोल रूम : निरीक्षक विकास उपाध्याय, प्रधान आरक्षक विजय कुमार झावा, प्रधान आरक्षक राजेश गुप्ता एवं आरक्षक शैलेन्द्र रघुवंशी ।
साइबर सेल : आरक्षक भूपेन्द्र खटीक ।
