*फरार पारदी बदमाशों के विरुद्ध गुना पुलिस का विशेष अभियान जारी*
*पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के नेतृत्व में गठित स्पेशल टीम की लगातार कार्यवाही से अपराधियों में हड़कंप*
गुना पुलिस की बड़ी उपलब्धि, लंबे अर्से से फरार 15,000/-रूपये का इनामी कुख्यात पारदी बदमाश गिरफ्तार
*02 स्थायी वारंटों में वांछित आरोपी रामअवतार पारदी को किया गिरफ्तार*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल द्वारा जिले में चोरी, लूट, डकैती आदि संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा लंबे समय से फरार चल रहे आदतन एवं इनामी अपराधियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की एक विशेष टीम गठित कर सक्रिय की गई है । पुलिस टीम द्वारा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन में फरार अपराधियों की धरपकड़ हेतु एक अभियान के रुप में सतत, सक्रिय एवं प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी तारतम्य में गुना पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है जिसमें पुलिस ने लंबे अर्से से फरार चल रहे 15 हजार रुपये के इनामी एवं 02 स्थायी वारंटों में वांछित कुख्यात पारदी बदमाश रामअवतार उर्फ श्यामबाबू पुत्र भैरुजी पारदी उम्र 40 वर्ष निवासी ग्राम बीलाखेडी थाना धरनावदा जिला गुना को गिरफ्तार कर कानून के शिकंजे में लाया गया है, जो लंबे समय से पुलिस से बचकर फरार चल रहा था ।
जिले में सक्रिय पारदी गिरोहों द्वारा चोरी एवं अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के द्वारा लगभग तीन माह पूर्व एक विशेष रणनीति तैयार करते हुए पारद अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एक स्पेशल टीम गठित कर जिले एवं आसपास के क्षेत्रों में फरार, इनामी तथा स्थायी वारंटी अपराधियों की लगातार निगरानी कर उनकी गिरफ्तारी हेतु लगाया गया ।
विशेष टीम द्वारा फरार आरोपियों, वारंटियों की गिरफ्तारी हेतु लगातार तकनीकी एवं मुखबिर तंत्र विकसित करते हुए विभिन्न स्थानों पर दबिशें दी जा रही हैं तथा संभावित ठिकानों पर सतत निगरानी रखी जा रही है । इसमें विशेष टीम की लगातार एवं सुनियोजित कार्यवाही के परिणाम स्वरुप कई पारदी बदमाशों को गिरफ्तार कर कानून के शिंकजे तक लाया गया है । पुलिस की इन लगातार कार्यवाहियों से पारदी समुदाय के सक्रिय अपराधियों में हड़कंप की स्थिति निर्मित हुई है ।
फरार आरोपियों की तलाश के क्रम में पुलिस टीम द्वारा मुखबिर सूचना के आधार पर सुनियोजित रणनीति बनाकर विभिन्न प्रकरणों में लंबे समय से फरार चल रहे इनामी आरोपी रामअवतार पारदी को गिरफ्तार किया गया है ।
गिरफ्तारशुदा आरोपी रामअवतार पारदी के विरुद्ध गुना जिले के थाना धरनावदा, म्याना के अतिरिक्त राजस्थान के जिला जोधपुर, बूंदी, अजमेर, चुरु, बारां, कोटा एवं हरियाणा राज्य के जिला हिसार के विभिन्न थानों में चोरी, मारपीट, हत्या, हत्या का प्रयास, बलवा आदि गंभीर धाराओं के कुल 18 प्रकरण दर्ज हैं । साथ ही आरोपी के विरुद्ध राजगढ जिले के थाना जीआरपी के अप.क्र. 80/02 धारा 25 आर्म्स एक्ट एवं गुना जिले के म्याना थाने के अप.क्र. 187/21 धारा 457, 380 भादवि में माननीय न्यायालय से जारी 02 स्थायी वारंटों में भी पुलिस को उसकी लंबे समय से तलाश थी, जिनमें राजगढ जिले के प्रकरण में जारी स्थाई वारंट में आरोपी की गिरफ्तारी हेतु पुलिस अधीक्षक राजगढ की ओर से 5,000/-रुपये का ईनाम भी उदघोषित किया गया था । इसके साथ ही आरोपी रामअवतार पारदी के विरुद्ध धरनावदा थाने में दर्ज अप.क्र. 146/20 धारा 307, 147, 148, 149, 394, 341, 323 भादवि में आरोपी की गिरफ्तारी हेतु गुना पुलिस अधीक्षक की ओर से 10,000/-रुपये का इनाम उदघोषित था । आरोपी लंबे समय से फरार रहकर गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था ।
गुना पुलिस की इस महत्वपूर्ण उपलब्धि में प्रभारी सीएसपी गुना श्री आनंद राय के नेतृत्व में कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव, साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक महेन्द्र सिंह चौहान, सउनि बलवीर सिंह, प्रधान आरक्षक नरेन्द्र रघुवंशी, प्रधान आरक्षक गौरव शर्मा, आरक्षक नीलेश रघुवंशी, आरक्षक संजय जाट, आरक्षक सूर्यभान जाट, आरक्षक रघुकुल तिलक मिश्रा (थाना धरनावदा), आरक्षक सोनू जाटव (थाना धरनावदा) एवं साइबर सेल से आरक्षक अभय रघुवंशी की सराहनीय एवं महत्वपूर्ण भूमिका रही है ।
गुना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में फरार, इनामी, स्थायी वारंटी एवं आदतन अपराधियों के विरुद्ध विशेष अभियान आगे भी पूरी गंभीरता एवं निरंतरता के साथ जारी रहेगा । कानून से बचने का प्रयास करने वाले प्रत्येक अपराधी को गिरफ्तार कर कानून के शिकंजे में लाया जाएगा तथा जिले में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही का अभियान निरंतर जारी रहेगा ।
