प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत विशेष अभियान 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक
गुना
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को वर्ष में कुल 6 हजार रुपये की राशि 3 समान किश्तों में प्रदान की जाती है। योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए ई-केवायसी, आधार बैंक खाता डीबीटी हेतु एनेबल, लैंड लिंक, फार्मर आईडी आदि की कार्यवाही पूर्ण करना आवश्यक है। स्वच्छ भारत अभियान के अवसर पर 02 अक्टूबर 2026 से 31 अक्टूबर 2026 तक विशेष अभियान आयोजित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत अपात्र हितग्राहियों की पहचान, छूटे हुए पात्र हितग्राहियों का पंजीयन तथा योजना के लिए आवश्यक कार्यवाही का सैचुरेशन किया जाना है। कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने अनुविभागीय अधिकारी गुना, राघौगढ़, आरोन एवं चांचौड़ा तथा तहसीलदार तहसील गुना, गुना नगर, बमोरी, राघौगढ़, मकसूदनगढ़, आरोन, चाचौड़ा एवं कुंभराज को उक्तानुसार आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जारी निर्देशानुसार अभियान के तहत ग्राम पंचायतों के माध्यम से हितग्राहियों को योजना संबंधी जानकारी प्रदान की जाएगी। पंचायतों के क्लस्टर बनाकर पंचायत भवनों में कैम्प आयोजित किए जाएंगे। नगरीय निकायों में भी आवश्यक प्रचार-प्रसार कर कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। कैम्प में हितग्राहियों को पीएम किसान एप के माध्यम से ई-केवायसी का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
जिला स्तर पर सीएससी केन्द्रों की बैठक आयोजित कर प्रत्येक सीएससी केन्द्र के लिए ई-केवायसी का लक्ष्य निर्धारित किया जाएगा तथा ई-केवायसी की समीक्षा की जाएगी।
योजना के लिए पटवारियों को वीएनओ (Village Nodal Officer) बनाया जाना है। पटवारीवार समीक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। अपात्र हितग्राहियों का चिन्हांकन एवं छूटे हुए पात्र हितग्राहियों के पंजीयन की कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। पीएम किसान सैचुरेशन के लिए कृषि, पंचायत एवं अन्य विभागीय मैदानी अमले का उपयोग किया जाएगा तथा हितग्राहियों को योजना संबंधी जानकारी प्रदान की जाएगी।
अभियान के दौरान ई-केवायसी एवं लैंड लिंकिंग, आधार एवं बैंक खाता लिंकिंग अथवा IPPB के माध्यम से आवश्यक कार्यवाही, सस्पेक्टेड हितग्राहियों का शत-प्रतिशत सत्यापन तथा लंबित सेल्फ रजिस्ट्रेशन का पंजीयन दिनांक से 7 दिवस में निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
पीएम किसान पोर्टल पर उपलब्ध रिपोर्ट के माध्यम से अभियान की सतत समीक्षा की जाएगी तथा बैठकों में पीएम किसान योजना की समीक्षा को स्थायी रूप से एजेण्डे में सम्मिलित किया जाएगा।
कलेक्टर श्री कन्याल ने उक्तानुसार कार्यवाही 31 अक्टूबर 2026 तक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि हितग्राहियों को योजना का लाभ प्राप्त करने में कठिनाई न हो।
