Type Here to Get Search Results !

अवैध मदिरा के विरुद्ध आबकारी विभाग की कार्रवाई, 62 लीटर हाथ भट्टी मदिरा जब्त

 अवैध मदिरा के विरुद्ध आबकारी विभाग की कार्रवाई, 62 लीटर हाथ भट्टी मदिरा जब्त


गुना, 

कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल, पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल एवं उपायुक्त आबकारी संभाग ग्वालियर श्री संदीप शर्मा के निर्देशन में जिले में अवैध मदिरा के विनिर्माण, विक्रय, संग्रह, परिवहन एवं जहरीली शराब के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर द्वारा एसडीएम, जनपद सीईओ एवं अन्य अधिकारियों को अवैध मदिरा की सूचना एवं कार्रवाई में सहयोग के संबंध में निर्देश भी जारी किए गए हैं।

जिला आबकारी अधिकारी श्री गुरुप्रसाद केवट के मार्गदर्शन तथा मंडल प्रभारी श्री इंद्रपाल सिंह बालके के नेतृत्व में 14 सितंबर 2026 को आबकारी वृत्त गुना-1 के प्रभारी राधाकिशन अटारिया द्वारा ग्राम गोकुल सिंह का चक में दबिश दी गई।

कार्रवाई के दौरान एक पारदी के घर की कुटीर से 250 मिलीलीटर क्षमता के 265 पन्नी पाउच बरामद किए गए। मापने पर इनमें कुल 62 लीटर हाथ भट्टी मदिरा पाई गई, जिसे जब्त कर लिया गया। मदिरा की जांच के लिए एफएसएल ग्वालियर भेजने हेतु सैंपल लिए गए। मौके पर एक महिला मिली है, जिसके संबंध में विवेचना जारी है।

आबकारी विभाग ने आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2) एवं 49(क) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की है। जब्त सामग्री का अनुमानित मूल्य 18 हजार 600 रुपये बताया गया है।

कार्रवाई में वृत्त राधोगढ़ प्रभारी मोहनीश शर्मा, वृत्त बमोरी प्रभारी बर्धमान जैन, आबकारी आरक्षक अरुण कुमार शर्मा, दिनेश कुमार राठौर, कमल बरोदिया एवं महिला आरक्षक खुशबू रघुवंशी की सराहनीय भूमिका रही। कार्रवाई में पुलिस बल का भी विशेष सहयोग रहा।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.