Type Here to Get Search Results !

प्रतिज्ञा सीएलएफ की वार्षिक आमसभा में दिखी महिलाओं की उपलब्धियों की झलक

 प्रतिज्ञा सीएलएफ की वार्षिक आमसभा में दिखी महिलाओं की उपलब्धियों की झलक

23 ग्राम संगठनों के प्रतिनिधियों ने लिया सहभागिता; बैंक सखी, कृषि सखी, पशु सखी, उद्यम सखी एवं लखपति दीदियों ने साझा की सफलता की कहानियां


गुना 

मध्य प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत विकासखंड गुना में संचालित प्रतिज्ञा संकुल स्तरीय संगठन (सीएलएफ) की वार्षिक आमसभा गुरूवार को आयोजित की गई। आमसभा में संकुल के अंतर्गत आने वाले 23 ग्राम संगठनों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम में जिला स्तर से जिला परियोजना प्रबंधक श्री शैलेंद्र समुद्रे, जिला प्रबंधक मूल्यांकन एवं अनुश्रवण श्री वीरेंद्र, जिला सूक्ष्म वित्त प्रबंधक श्री सेवाराम, जिला प्रबंधक रोजगार एवं कौशल श्री दिव्या पुष्प कमठान सहित मध्य प्रदेश ग्रामीण बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, आरसेटी के जिला प्रबंधक श्री वर्मा एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

आमसभा में सीएलएफ प्रबंधक द्वारा संगठन की वार्षिक प्रगति एवं उपलब्धियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। सीएलएफ के लेखापाल द्वारा वर्षभर के आय-व्यय, प्राप्ति एवं भुगतान तथा वित्तीय स्थिति की जानकारी सदस्यों के समक्ष रखी गई। इस अवसर पर सीएलएफ के अंतर्गत संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी भी साझा की गई। बैंक सखी, कृषि सखी, पशु सखी, उद्यम सखी, ग्राम संगठनों की रिकवरी एवं लखपति दीदी जैसी गतिविधियों में महिलाओं द्वारा किए जा रहे कार्यों और उपलब्धियों को वीडियो प्रस्तुति के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।

“अपनी कहानी, अपनी जुबानी” से साझा किए अनुभव

आमसभा का विशेष आकर्षण महिलाओं द्वारा प्रस्तुत “अपनी कहानी, अपनी जुबानी” रहा। विभिन्न गतिविधियों से जुड़ी महिलाओं ने अपने कार्य, संघर्ष, अनुभव एवं सफलता की कहानी वीडियो के माध्यम से साझा की। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण की तस्वीर सामने आई।

आगामी वर्ष की कार्ययोजना प्रस्तुत

सीएलएफ सचिव द्वारा आगामी वर्ष में किए जाने वाले कार्यों एवं प्रस्तावित गतिविधियों की जानकारी प्रस्तुत की गई। संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, ग्राम संगठनों की गतिविधियों को गति देने तथा आजीविका एवं वित्तीय समावेशन से जुड़ी गतिविधियों को विस्तार देने पर चर्चा की गई।

जिला परियोजना प्रबंधक द्वारा प्रतिज्ञा सीएलएफ एवं ग्राम संगठनों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए मिशन की गतिविधियों में उत्तरोत्तर प्रगति के लिए शुभकामनाएं दी गईं। साथ ही आगामी वर्ष में भी इसी समर्पण एवं टीम भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सदस्यों एवं प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। प्रमाण-पत्र वितरण के साथ ही प्रतिज्ञा संकुल स्तरीय संगठन की वार्षिक आमसभा का समापन हुआ।


Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.