चांचौडा थाना पुलिस ने चोरी के एक मामले में फरार अंतिम आरोपी किया गिरफ्तार
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा विभिन्न प्रकरणों में फरार अपराधियों की धरपकड हेतु सतत एवं प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी तारतम्य में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गुना श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी चांचौड़ा श्री मनोज कुमार झा के पर्यवेक्षण में चांचौड़ा थाना पुलिस द्वारा चोरी के प्रकरण में एक वर्ष से फरार आरोपी गिरफ्तार किया गया है ।
दिनांक 12 सितंबर 2025 को चाचौडा थाने पर फरियादी रुद्रेश मीना निवासी ग्राम रतोधना के द्वारा आरोपीगण रवि मीना, अर्जुन मीना, रामबाबू बैरागी निवासीगण ग्राम रतोधना के द्वारा उसकी गोदाम से गेंहू के कट्टे चोरी करने की रिपोर्ट की गई थी, जिस पर से आरोपीगण के विरुद्ध चांचौड़ा थाने में अप.क्र. 343/25 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया था । पुलिस द्वारा प्रकरण में तत्परता से कार्यवाही करते हुए एक आरोपी रामबाबू बैरागी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की एक पानी की मोटर बरामद की गई थी । प्रकरण में फरार आरोपी अर्जुन मीना की मृत्यु हो गई एवं शेष फरार आरोपी रवि मीना की तलाश जारी रखते हुए पुलिस द्वारा निरंतर दबिशें दी जा रही थी । फरार आरोपी की तलाश के क्रम में आज दिनांक 21 सितंबर 2026 को मुखबिर सूचना पर त्वरित व प्रभावी कार्यवाही कर अंतिम आरोपी रवि पुत्र रामभरोसा मीना उम्र 32 साल निवासी ग्राम रतोधना थाना चांचौडा को भी गिरफ्तार कर लिया गया ।
चांचौड़ा थाना पुलिस की इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप राजौरिया के नेतृत्व में बीनागंज चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नीरज लोधी, प्रधान आरक्षक महेन्द्र सिंह, आरक्षक नवदीप शर्मा, आरक्षक अजय समाधिया, आरक्षक मोनू करारे एवं आरक्षक शिवप्रताप सिंह की विशेष भूमिका रही है ।
