Type Here to Get Search Results !

नगर परिषद चाचौड़ा-बीनागंज की जनसमस्याओं को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने सौंपा ज्ञापन

 नगर परिषद चाचौड़ा-बीनागंज की जनसमस्याओं को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी  ने सौंपा ज्ञापन


जल निकासी, सड़कों की बदहाली, गौवंश व्यवस्था और प्रधानमंत्री आवास योजना में पारदर्शिता की उठाई मांग



चाचौड़ा-बीनागंज। नगर की विभिन्न जनसमस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर आज ब्लॉक कांग्रेस कमेटी चाचोड़ा   के प्रतिनिधि मंडल ने नगर परिषद चाचौड़ा-बीनागंज के मुख्य नगरपालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।


ज्ञापन में नगर की प्रमुख समस्याओं को गंभीरता से उठाते हुए तत्काल निराकरण की मांग की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बारिश के दौरान नगर के कई क्षेत्रों में जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण जलभराव की स्थिति निर्मित होती है। नागरिकों को आवागमन में परेशानी के साथ-साथ घरों और दुकानों तक पानी पहुंचने की समस्या का सामना करना पड़ता है। जल निकासी की स्थायी एवं प्रभावी व्यवस्था किए जाने की मांग की गई।


इसके साथ ही चाचौड़ा बायपास की जर्जर सड़क एवं जगह-जगह बने गड्ढों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। ज्ञापन में बायपास की सड़क की स्थिति सुधारने के साथ आवश्यकतानुसार नई सड़क का निर्माण कराने की मांग की गई, ताकि आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं एवं नागरिकों की परेशानी को रोका जा सके।


ज्ञापन में नगर में घूम रहे गौवंश के लिए उचित व्यवस्था, गौशाला एवं सुरक्षित स्थान की व्यवस्था करने की मांग भी की गई। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना में पात्र हितग्राहियों का निष्पक्ष एवं पारदर्शी चयन करने तथा अपात्र लोगों को लाभ मिलने की शिकायतों की जांच कराने की मांग रखी गई।


कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नगर की जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए लंबे समय से परेशान है। सड़क, नाली, जल निकासी, साफ-सफाई और आवागमन जैसी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण होना चाहिए। जनहित के मुद्दों पर प्रशासन द्वारा शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस द्वारा जनता के साथ मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा।


ज्ञापन सौंपने के दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष डॉ संजय मीना ,गजेंद्र सिंह चौहान,नारायण सिंह भील आदिवासी कांग्रेस जिला अध्यक्ष ,सौरभ यादव पूर्व प्रदेश महासचिव युवक कांग्रेस , महेश गोयल ब्लॉक कांग्रेस कोषाध्यक्ष,सुंदर लाल माली शहर अध्यक्ष चाचोड़ा ,हेमराज खरे शहर अध्यक्ष बीनागंज ने नगर की समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.