गुना कोतवाली पुलिस की प्रभावी कार्यवाही, एटीएम बदलकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश
*एटीएम का पिन बनाने में मदद करने के बहाने कार्ड बदलकर खाते से उड़ाए थे 36 हजार रुपये*
*तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण से तीन आरोपियों की पहचान, दो आरोपी किए गिरफ्तार, 24 हजार रुपये बरामद*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा धोखाधड़ी एवं साइबर अपराधों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं प्रभारी सीएसपी गुना श्री आनंद राय के निर्देशन में गुना कोतवाली पुलिस ने एटीएम बदलकर खाते से रुपये निकालने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से धोखाधडी के 24 हजार रुपये नगद बरामद किए गए हैं, प्रकरण में शामिल तीसरे आरोपी की तलाश जारी है ।
उल्लेखनीय है कि फरियादी कल्याण सिंह अहिरवार उम्र 26 साल निवासी ग्राम खुटियावद थाना म्याना के द्वारा गुना कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि दिनांक 04 मई 2026 को वह अपने घर से गुना आया था । यहां गुरुद्वारे के पास स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम में वह अपना एटीएम पिन जनरेट कर रहा था । इसी दौरान एटीएम रूम के अंदर दो अज्ञात व्यक्ति आए और पूछने लगे कि क्या हुआ । उसके द्वारा एटीएम पिन जनरेट करने की बात बताने पर उनमें से एक व्यक्ति ने पिन बनाने में मदद करने की बात कही, उसकी बातों पर विश्वास कर उसने अपना एटीएम कार्ड उसे दे दिया । जिसने चालाकीपूर्वक उसका एटीएम कार्ड अपने साथी को दे दिया और स्वयं दूसरे एटीएम कार्ड को मशीन में लगाकर पिन जनरेट करने का नाटक करता रहा । कुछ देर बाद उसने पिन जनरेट नहीं होने की बात कहते हुए कोई दूसरा एटीएम कार्ड उसे थमा दिया और वहां से चले गए । उनके जाने के कुछ ही देर बाद मेरे मोबाइल पर बैंक खाते से राशि निकलने का संदेश प्राप्त हुआ । खाते की जांच करने पर 36 हजार रुपये निकल चुके थे । इसके बाद अपने पास मौजूद एटीएम कार्ड को देखा तो वह उसका कार्ड नहीं था । इस प्रकार उन लोगों के द्वारा सुनियोजित तरीके से एटीएम कार्ड बदलकर उसके बैंक खाते से 36 हजार रुपये निकालकर धोखाधड़ी की गई । फरियादी की रिपोर्ट पर गुना कोतवाली थाने में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 409/26, धारा 318(4) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया ।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा तत्काल सक्रियता से कार्यवाही प्रारंभ की गई। पुलिस टीम द्वारा घटना से जुड़े तकनीकी संसाधनों एवं उपलब्ध साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण किया गया। तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के दौरान घटना को दो नहीं, बल्कि तीन आरोपियों द्वारा मिलकर अंजाम दिया जाना सामने आया । इसके बाद पुलिस द्वारा तीनों आरोपियों की पहचान सुनिश्चित कर उनकी सरगर्मी से तलाश प्रारंभ की गई । पुलिस की लगातार सक्रियता एवं प्रभावी प्रयासों के परिणामस्वरूप विगत दिवस प्रकरण में शामिल दो आरोपियों 1. निशांत पुत्र नरेंद्र रावत उम्र 29 साल एवं 2. शिवम पुत्र रामसिंह यादव उम्र 28 साल दोनों निवासी ललितपुर, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार कर लिया गया । गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से धोखाधडी के 24 हजार रुपये नगद बरामद किए गए हैं । प्रकरण में शामिल तीसरे आरोपी रवि राजपूत की तलाश जारी है ।
पुलिस द्वारा प्रकरण के संबंध में विस्तृत जांच की जा रही है । साथ ही आरोपियों द्वारा इस प्रकार की अन्य वारदातों को अंजाम दिए जाने एवं गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है ।
उक्त आरोपियों की गिरफ्तारी एवं प्रकरण के खुलासे में गुना कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा, उपनिरीक्षक सतीश सरवैया, सउनि विश्वीर रघुवंशी, आरक्षक नीरज रघुवंशी, आरक्षक राजू सरवैया एवं आरक्षक नवदीप अग्रवाल की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही है ।
