Type Here to Get Search Results !

शिक्षा का स्तर बेहतर करने के लिए गंभीरता से करें प्रयास – कलेक्टर कन्याल

 शिक्षा का स्तर बेहतर करने के लिए गंभीरता से करें प्रयास – कलेक्टर कन्याल

शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने दिए आवश्यक निर्देश


गुना  

कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने के लिए गंभीरता एवं पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि जितनी अधिक मेहनत और प्रभावी मॉनिटरिंग होगी, उसके परिणाम भी उतने ही बेहतर आएंगे।

कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे

कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। सभी बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के साथ ही ड्रॉपआउट बच्चों की संख्या कम से कम करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। विद्यालयों में पढ़ाई का ऐसा वातावरण तैयार किया जाए, जिससे बच्चों की शिक्षा के प्रति रुचि बढ़े और वे सीखने के लिए प्रेरित हों।

विद्यालयों की नियमित मॉनिटरिंग करें

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अपने-अपने क्षेत्र में नियमित रूप से विद्यालयों की मॉनिटरिंग करें और मैदानी स्तर पर जाकर वास्तविक स्थिति की जानकारी लें। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी टीम भावना के साथ कार्य करें। ‘

लापरवाही पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासकीय दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी एवं गंभीरता से किया जाए। कार्य में लापरवाही या अपने क्षेत्र में अपेक्षित कार्य नहीं करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि पहले संबंधित को समझाइश एवं आवश्यक निर्देश दिए जाएं, इसके बाद भी सुधार नहीं होने पर वेतन कटौती जैसी कार्रवाई की जाए तथा लगातार लापरवाही पाए जाने पर निलंबन की कार्रवाई भी प्रस्तावित की जाए।

पोर्टल 3.0 एवं पाठ्यपुस्तक वितरण की समीक्षा

बैठक के प्रारंभ में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक दुबे ने पीपीटी के माध्यम से पोर्टल 3.0 पर नामांकन, पाठ्यपुस्तक वितरण सहित शिक्षा विभाग से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा प्रस्तुत की। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक दुबे, जिला शिक्षा अधिकारी, बीईओ, बीआरसी, विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य सहित शिक्षा विभाग के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.