Type Here to Get Search Results !

उमंग दिवस पर गुना पुलिस का बेटियों को सशक्त, जागरूक एवं आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प

 उमंग दिवस पर गुना पुलिस का बेटियों को सशक्त, जागरूक एवं आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प


*जिले के विभिन्न विद्यालयों में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने छात्राओं से किया संवाद*


*‘उमंग’ के साथ चुनौतियों का सामना करने, निर्भीकता से आगे बढ़ने एवं आत्मरक्षा के लिए किया प्रेरित*


*गुड टच-बैड टच, पॉक्सो एक्ट, बीएनएस, साइबर अपराध, डायल-112 एवं साइबर हेल्पलाइन 1930 की दी महत्वपूर्ण जानकारी*



                  गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं ।


                 इसी तहत पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों, आत्मरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव तथा आवश्यकता पड़ने पर पुलिस सहायता प्राप्त करने के संबंध में जागरूक करते हुए उनमें आत्मविश्वास, निर्भीकता एवं सकारात्मक सोच विकसित करने के उद्देश्य से आज दिनांक 22 सितंबर 2026 को ‘उमंग दिवस’ के अवसर पर जिले के विभिन्न विद्यालयों में छात्राओं के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए । कार्यक्रमों के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने छात्राओं से सीधे संवाद कर उन्हें जीवन में आने वाली विभिन्न चुनौतियों का उमंग, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक सोच के साथ सामना करने के लिए प्रेरित किया ।


                  इसी क्रम में बजरंगगढ़ थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कृपाल सिंह परिहार द्वारा अपनी टीम के साथ थाना क्षेत्र के हायर सेकेंडरी स्कूल बजरंगगढ़, माध्यमिक कन्या शाला बजरंगगढ़ एवं द प्रिंस स्कूल बजरंगगढ़ में विशेष ‘उमंग दिवस’ कार्यक्रम आयोजित किए गए । कार्यक्रमों के दौरान छात्राओं को सशक्त, जागरूक एवं निर्भीक रहने की शपथ दिलाई गई एवं छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि जीवन में परिस्थितियां चाहे कितनी भी चुनौतीपूर्ण क्यों न हों, उनका सामना घबराए बिना आत्मविश्वास एवं सकारात्मक सोच के साथ किया जाना चाहिए । साथ ही छात्राओं को अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर आत्मरक्षा के उपाय अपनाने के लिए भी प्रेरित किया गया ।


                  उपरोक्त के अलावा छात्राओं को गुड टच-बैड टच, पॉक्सो एक्ट एवं भारतीय न्याय संहिता (BNS) से संबंधित महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी गई । छात्राओं को समझाया गया कि वे अपने साथ होने वाले किसी भी अनुचित व्यवहार को पहचानें, उसका विरोध करें तथा ऐसी स्थिति में बिना संकोच के अपने माता-पिता, विश्वसनीय परिजन, शिक्षक अथवा पुलिस को तत्काल इसकी जानकारी दें । उन्हें यह भी बताया गया कि यदि कोई असामाजिक तत्व अथवा व्यक्ति उन्हें परेशान करता है या उनकी सुरक्षा को लेकर किसी प्रकार की चिंता उत्पन्न होती है, तो तत्काल डायल-112 के माध्यम से पुलिस सहायता प्राप्त की जा सकती है ।


                  कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराध एवं ऑनलाइन ठगी के संबंध में भी जागरूक किया गया । अनजान लिंक पर क्लिक न करने, OTP, पासवर्ड एवं अन्य गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करने तथा सोशल मीडिया एवं ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का सावधानीपूर्वक उपयोग करने की समझाइश दी गई । छात्राओं को बताया गया कि यदि उनके साथ किसी प्रकार की ऑनलाइन ठगी या साइबर फ्रॉड होता है तो घबराने के बजाय बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्यवाही की जा सके ।


                  इसी प्रकार उमंग दिवस के अवसर पर जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा विद्यालयों में पहुंचकर छात्राओं से संवाद किया गया तथा उन्हें उनकी सुरक्षा, अधिकारों एवं सहायता के उपलब्ध माध्यमों की जानकारी दी गई । पुलिस द्वारा छात्राओं को संदेश दिया गया कि जागरूकता, आत्मविश्वास और सही समय पर सहायता प्राप्त करना सुरक्षित समाज की मजबूत आधारशिला है । किसी भी प्रकार की परेशानी, अनुचित व्यवहार अथवा असुरक्षा की स्थिति में संकोच न करते हुए तत्काल अपने विश्वसनीय व्यक्ति अथवा पुलिस से संपर्क करें ।


                  ‘उमंग दिवस’ के माध्यम से गुना पुलिस ने बेटियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें सशक्त, जागरूक, आत्मविश्वासी एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया ।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.