मधुसूदनगढ़ थाना पुलिस की तत्परता से ट्यूबवेल की मोटर चोरी मामले का त्वरित खुलासा
*खेत से चोरी हुई ट्यूबवेल की मोटर बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं चोरी की घटनाओं के त्वरित खुलासे के लिए लगातार प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं डीएसपी मुख्यालय एवं प्रभारी एसडीओपी श्री जमीलउद्दीन सिद्दीकी के पर्यवेक्षण में मधुसूदनगढ़ थाना पुलिस ने ट्यूबवेल की मोटर चोरी के मामले का त्वरित खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गई मोटर बरामद करने में सफलता प्राप्त की है ।
उल्लेखनीय है कि दिनांक 21 सितंबर 2026 को फरियादी वीर सिंह गुर्जर निवासी ग्राम एमनाखेड़ी ने अपने खेत से ट्यूबवेल की करीब 20,000 रूपये कीमत की मोटर चोरी होने की रिपोर्ट मधुसूदनगढ़ थाने में दर्ज कराई थी । फरियादी की रिपोर्ट पर मधुसूदनगढ़ थाने में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 143/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई ।
चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए मधुसूदनगढ़ थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों की पतारसी के लिए सघन प्रयास प्रारंभ किए । पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में अपना मुखबिर तंत्र सक्रिय कर लगातार सूचना संकलन किया गया । पुलिस के सतत प्रयासों एवं प्रभावी सूचना संकलन के आधार पर चोरी की वारदात में शामिल दो आरोपियों की पहचान में सफलता मिली । इसके बाद पुलिस टीम द्वारा आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की गई, जिसके परिणामस्वरूप आज दिनांक 22 सितंबर 2026 को दोंनो आरोपियों 1-विनोद पुत्र कल्याण सिंह लोधी उम्र 19 साल एवं राहुल पुत्र राधेश्याम लोधी उम्र 22 साल दोंनो निवासी ग्राम महुआखेड़ा जिला गुना को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से प्रकरण में चोरी हुई ट्यूबवेल की मोटर बरामद कर ली गई है ।
थाना क्षेत्र में ट्यूबवेल की मोटरों की चोरी की अन्य शिकायतें भी लगातार प्राप्त हो रही थीं । पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों से इस संबंध में भी पूछताछ एवं जांच की जा रही है, जिससे अन्य वारदातों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आने की संभावना है ।
मधुसूदनगढ़ थाना पुलिस की इस कार्यवाही में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक गोपाल चौबे, उपनिरीक्षक अजय सिंह चौहान, प्रधान आरक्षक संदीप कुमार, प्रधान आरक्षक वासुदेव शर्मा, आरक्षक अजय कंषना, आरक्षक अमित लोधी, आरक्षक मनोज सिकरवार, आरक्षक अंकित चतुर्वेदी एवं महिला आरक्षक हेमा चंदेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही है ।
