बमौरी थाना क्षेत्र से नाबालिग बालिका के लापता होने के मामले में पुलिस की सक्रिय कार्यवाही
*बालिका को सुरक्षित दस्तयाब कर परिजनों से मिलाया*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के संवेदनशील, मानवीय एवं कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में नाबालिगों एवं महिलाओं से संबंधित अपराधों को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए इन मामलों में लगातार प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी गुना श्री विवेक अष्ठाना के पर्यवेक्षण में बमौरी थाना प्रभारी निरीक्षक मचल सिंह मंडेलिया और उनकी टीम द्वारा थाना क्षेत्र से एक नाबालिग बालिका के लापता होने के मामले में सक्रियता का परिचय देते हुए बालिका को सुरक्षित दस्तयाब कर उसके परिजनों से मिला दिया है ।
गौरतलब है कि दिनांक 20 सितंबर 2026 को जिले के बमौरी थाने पर एक पिता द्वारा अपनी 15 वर्षीय नाबालिग लड़की के लापता होने संबंधी रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी । जिसकी रिपोर्ट पर से पुलिस ने तत्काल थाने पर अपराध क्रमांक 188/26 धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर बालिका की खोजबीन प्रारंभ की गई ।
नाबालिग बालिका के लापता होने की घटना को बमोरी थाना पुलिस द्वारा गंभीरता से लेते हुए अपहृत बालिका की तलाश हेतु अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए विभिन्न तकनीकी संसाधनों एवं साइबर विश्लेषण की सहायता से बालिका की सभी संभावित स्थानों पर सतत खोजबीन की गई । जिसके परिणामस्वरूप बिगत रोज बालिका के संबंध में जानकारी मिलने पर बमौरी थाना पुलिस द्वारा तत्परता पूर्वक कार्यवाही करते हुए अंतत: अपहृत बालिका को सुरक्षित दस्तयाब कर लिया गया एवं विधिवत कानूनी प्रक्रिया पूर्ण कर बालिका को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया । बाल कल्याण समिति की अध्यक्षा डॉ. नीरू शर्मा एवं समिति सदस्यों द्वारा आवश्यक कार्यवाही पूर्ण करने उपरांत बालिका को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया ।
बमौरी थाना पुलिस की इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक मचल सिंह मंडेलिया, निरीक्षक रचना खत्री, उपनिरीक्षक महेश लकडा, प्रधान आरक्षक बालस्वरुप धाकड, आरक्षक माखन चौधरी, आरक्षक मनोज धाकड़ एवं साइबर सेल से आरक्षक कुलदीप यादव, आरक्षक भूपेन्द्र खटीक व आरक्षक अभय रघुवंशी की विशेष भूमिका रही है ।
