Type Here to Get Search Results !

ग्राहकों से लाखों रुपये वसूलकर गबन करने का फरार आरोपी जेल दाखिल

 ग्राहकों से लाखों रुपये वसूलकर गबन करने का फरार आरोपी जेल दाखिल 



अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट 


दुर्ग - मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर भारत फाइनेंसियल इन्क्लूजन लिमिटेड की शाखा धमधा में ग्राहकों से किस्त राशि वसूलकर कंपनी में जमा नहीं करने तथा लाखों रूपये का गबन करने के मामले में फरार आरोपी को थाना धमधा पुलिस ने दल्लीराजहरा से विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।

                           वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं उमनि विजय अग्रवाल से इस संबंध में मिली विस्तृत जानकारी के अनुसार गत वर्ष 08 अक्टूबर 2025 को पूर्व क्रेडिट मैनेजर भारत फाइनेंसियल इन्क्लूजन लिमिटेड धमधा द्वारा थाना धमधा उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि आरोपी रणजीत सिंह जो कंपनी की धमधा शाखा में लगभग 06 माह तक संगम मैनेजर के पद पर कार्यरत था, उसका कार्य शाखा से जुड़े सदस्यों को गांवों में जाकर लोन वितरित करना तथा सदस्यों से लोन की किस्त प्राप्त कर कार्यालय में जमा करना था। विवेचना में पाया गया कि आरोपी द्वारा विगत वर्ष 26 दिसम्बर 2023 की सुबह आठ बजे से 28 मई 2024 की रात्रि सात बजे के मध्य कुल 34 सदस्यों से लोन की किस्त एवं बकाया राशि प्राप्त की गई। किंतु उक्त राशि कंपनी के कार्यालय में जमा नहीं की गई। आरोपी द्वारा कुल 4,85,575 रूपये की राशि का गबन कर कंपनी एवं संबंधित सदस्यों के साथ धोखाधड़ी किया जाना पाया गया। प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था। घटना के बाद से आरोपी फरार था , जिसकी लगातार तलाश की जा रही थी। मुखबिर से सूचना प्राप्त होने पर पुलिस टीम को दल्लीराजहरा , जिला बालोद रवाना किया गया। साइबर टीम की सहायता से आरोपी की जानकारी प्राप्त कर उसे दल्लीराजहरा से पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी द्वारा घटना करना स्वीकार किया गया तथा गबन की राशि खाने-पीने में खर्च करना बताया गया। धारा सदर अपराध सबूत पाये जाने से थाना धमधा पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया। 


गिरफ्तार आरोपी -


रणजीत सिंह उम्र 28 वर्ष निवासी -  एकलव्य नगर दल्लीराजहरा , जिला - बालोद (छत्तीसगढ़)। 


जप्त सामाग्री - 


प्रकरण में गबन की गई राशि आरोपी द्वारा खाने-पीने में खर्च करना बताया गया है। उपलब्ध तथ्यों के अनुसार कोई नगद राशि बरामदगी दर्शित नहीं है।


सराहनीय कार्य -


उक्त कार्यवाही में थाना धमधा पुलिस टीम एवं साइबर टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही , जिन्होंने फरार आरोपी की लगातार तलाश करते हुये मुखबिर सूचना एवं तकनीकी सहायता के आधार पर आरोपी को दल्लीराजहरा जिला बालोद से गिरफ्तार किया।


दुर्ग पुलिस की अपील -


दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि वित्तीय लेन-देन करते समय रसीद एवं भुगतान संबंधी अभिलेख सुरक्षित रखें। किसी कर्मचारी या व्यक्ति द्वारा राशि प्राप्त करने के बाद उसे संबंधित संस्था में जमा नहीं करने अथवा वित्तीय अनियमितता की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित संस्था एवं पुलिस को सूचना दें।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.