Type Here to Get Search Results !

गुरु का सम्मान करने वाले समाज में शिष्य आगे बढ़ते हैं : कलेक्टर

 गुरु का सम्मान करने वाले समाज में शिष्य आगे बढ़ते हैं : कलेक्टर

रेडक्रॉस भवन में शिक्षक सम्मान समारोह एवं टीबी मरीजों को पोषण किट वितरण कार्यक्रम आयोजित


गुना  

रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा आज रेडक्रॉस भवन, जिला चिकित्सालय में शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षक सम्मान समारोह एवं टीबी मरीजों को पोषण आहार वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने जिले के वरिष्ठ शिक्षकों का शॉल-श्रीफल से सम्मान किया। साथ ही टीबी मरीजों को पोषण किट वितरित की गई और चिकित्सकों द्वारा उनके स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।

गुरु का सम्मान समाज की प्रगति का आधार

कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने कहा कि जहां गुरु का सम्मान होता है, वहां के शिष्य आगे बढ़ते हैं। उन्होंने अपने विद्यार्थी जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि कॉलेज के समय प्रोफेसरों के साथ उनके मित्र जैसे संबंध थे। किसी भी विषय को लेकर वे सहजता से उनसे सवाल पूछ लेते थे और प्रोफेसर भी मित्रवत भाव से विस्तार से समझाते थे। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के मार्गदर्शन और सहज संवाद से सीखने में कभी कठिनाई नहीं हुई।  कलेक्टर ने कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए अनुशासन का विशेष महत्व है। विद्यार्थियों को अपने शिक्षकों के अनुभव और मार्गदर्शन से सीख लेते हुए अनुशासित जीवन अपनाना चाहिए।

गुना को टीबी मुक्त बनाने का लक्ष्य

कलेक्टर ने कहा कि जिले को टीबी मुक्त बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। एनएफएल के सीएसआर मद से लगभग 20 लाख रुपये की राशि से टीबी मरीजों को पोषण किट उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि उद्देश्य केवल मरीज को स्वस्थ करना नहीं, बल्कि उसके परिवार के सदस्यों के स्वास्थ्य का भी ध्यान रखना है।

वरिष्ठ शिक्षकों का किया सम्मान, मरीजों को मिली पोषण किट

कार्यक्रम में जिले के वरिष्ठ एवं पुराने शिक्षकों के योगदान को सम्मानित करते हुए उन्हें शॉल एवं श्रीफल भेंट किए गए। शिक्षकों ने भी अपने शिक्षण कार्य एवं जीवन से जुड़े अनुभव साझा किए।

इस अवसर पर टीबी मरीजों को पोषण किट वितरित की गईं। चिकित्सकों द्वारा मरीजों को नियमित उपचार, पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि वे शीघ्र स्वस्थ हो सकें।

कार्यक्रम के समापन पर कलेक्टर, रेडक्रॉस सोसाइटी के सदस्यों, सम्मानित शिक्षकों एवं पोषण किट प्राप्त करने वाले टीबी मरीजों के साथ सामूहिक फोटो लिया गया।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.