Type Here to Get Search Results !

नगरीय विकास में कर वसूली और जनसहयोग की अहम भूमिका: कलेक्टर कन्याल

 नगरीय विकास में कर वसूली और जनसहयोग की अहम भूमिका: कलेक्टर कन्याल


नगरीय प्रशासन की बैठक में विकास कार्यों, टेंडर, कर वसूली, नामांतरण और शहर सौंदर्यीकरण पर मंथन



गुना 


कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने कहा कि नगरीय क्षेत्र के विकास के लिए तीन चीजें सबसे जरूरी हैं—विवाद रहित जमीन, बेहतर काम करने वाली टीम और संविदाकारों के भुगतान का समय पर होना। उन्होंने कहा कि विकास के लिए हमें आदर्श स्थिति का इंतजार नहीं करना चाहिए, बल्कि बेहतर स्थिति स्वयं बनानी पड़ती है। इसमें सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों-कर्मचारियों का सकारात्मक सहयोग जरूरी है। कलेक्टर श्री कन्याल की अध्यक्षता में नगरीय प्रशासन की बैठक में विकास कार्यों की प्रगति, टेंडर प्रक्रिया, कर वसूली, नामांतरण, वाहनों की स्थिति तथा शहर के सौंदर्यीकरण सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।


कर वसूली में पार्षद करें सहयोग


कलेक्टर ने सभी पार्षदों से संपत्ति कर, जल कर एवं स्वच्छता कर की वसूली में सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कर वसूली से नगरीय निकाय के संसाधन मजबूत होते हैं और इनका उपयोग शहर के विकास एवं नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने में किया जाता है।


टेंडर की समीक्षा, निरस्त और नए टेंडरों की जानकारी


बैठक में विभिन्न विकास कार्यों के टेंडरों की स्थिति की जानकारी प्रस्तुत की गई। कुछ टेंडर निरस्त होने तथा उनके स्थान पर नए टेंडर किए जाने की जानकारी दी गई। कलेक्टर ने टेंडर प्रक्रिया से जुड़े कार्यों में तेजी लाने और विकास कार्यों को समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।


ढाई सौ नामांतरण जारी, 300 प्रकरणों पर काम पूरा


सीएमओ श्री शैलेश अवस्थी ने बताया कि नामांतरण के प्रकरणों के निराकरण के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। लगभग 200 नामांतरण जारी किए जा चुके हैं, जबकि करीब 300 प्रकरणों में परीक्षण प्रकिय पूरी हो चुकी है। आगामी समय में लगभग 300 और नामांतरण जारी किए जाएंगे। जिन प्रकरण की जानकारी अथवा दस्तावेज पूर्ण नहीं हैं, उनमें नियमानुसार निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। वर्तमान में प्राप्त होने वाले नए प्रकरणों की जांच कर उन्हें जीरो पेंडेंसी रखने का प्रयास किया जाएगा।


नए निर्माण की जानकारी नगरपालिका तक पहुंचाने पर जोर


बैठक में पार्षदों ने भी सुझाव दिया कि वार्डों में होने वाले नए मकानों एवं निर्माण कार्यों की जानकारी पार्षदों के माध्यम से नगरपालिका तक पहुंचाई जा सकती है। इससे भवन निर्माण की अनुमति की प्रक्रिया सुनिश्चित करने तथा बिना अनुमति निर्माण पर प्रभावी निगरानी रखने में मदद मिलेगी। कलेक्टर ने इस व्यवस्था में जनप्रतिनिधियों के सहयोग को महत्वपूर्ण बताया।


शहर के सौंदर्यीकरण पर भी हुई चर्चा


बैठक में शहर के सौंदर्यीकरण को लेकर रोड डेवलपमेंट, रोड सौंदर्यीकरण एवं विभिन्न स्थानों पर वेलकम गेट बनाए जाने सहित अन्य प्रस्तावों पर चर्चा की गई। इन कार्यों के संबंध में पीपीटी के माध्यम से प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए और आवश्यक बिंदुओं पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया गया।


नगरपालिका वाहनों की भी ली जानकारी


बैठक में नगरपालिका के वाहनों की स्थिति की समीक्षा की गई। बताया गया कि कुछ वाहनों की मरम्मत एवं आवश्यक सुधार का कार्य पूरा कर लिया गया है, जबकि शेष वाहनों की भी देखरेख एवं सुधार का कार्य किया जा रहा है। इन्हें भी शीघ्र व्यवस्थित करने की जानकारी दी गई।


‘आदर्श स्थिति का इंतजार नहीं, उसे बनाना पड़ता है’


बैठक के समापन पर कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि “हमें कभी भी आदर्श स्थिति नहीं मिलती, उसे हमें बनाना पड़ता है।” इसके लिए सभी की सकारात्मक भूमिका और सही सहयोग जरूरी है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ नगरीय क्षेत्र के विकास को गति देने की अपेक्षा की।


बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सविता गुप्ता, उपाध्यक्ष श्री धर्म सोनी, जिलाध्यक्ष श्री धर्मेंद्र सिकरवार सहित अन्य पार्षदगण, अपर कलेक्टर श्री अखिलेश जैन, सीएमओ श्री शैलेश अवस्थी सहित नगरीय निकाय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.