*अवैध मादक पदार्थों के क्रय-विक्रय एवं तस्करी में संलिप्त माफियाओं पर गुना पुलिस की सतत एवं प्रभावी कार्यवाही*
चांचौड़ा थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण में तस्करों को स्मैक उपलब्ध कराने वाला फरार सप्लायर भी किया गिरफ्तार
*नशे के अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क की कड़ियां लगातार उजागर, सप्लाई चेन पर पुलिस का सख्त शिकंजा*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में नशे के अवैध कारोबार एवं इन गतिविधियों में संलिप्त माफियाओं के विरुद्ध लगातार सख्त एवं प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में नशे की तस्करी एवं सप्लाई से जुड़े व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है, ताकि जिले में नशे के अवैध कारोबार की पूरी श्रृंखला पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके ।
इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी चांचौड़ा श्री मनोज कुमार झा के पर्यवेक्षण में चांचौड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप राजौरिया और उनकी टीम द्वारा एनडीपीएस एक्ट के एक प्रकरण में तस्करों को स्मैक उपलब्ध कराने वाले फरार सप्लायर को भी गिरफ्तार कर जेल पहुंचा दिया गया है ।
उल्लेखनीय है कि दिनांक 18 अगस्त 2026 को चांचौड़ा थाना पुलिस ने स्मैक तस्करी करते हुए आरोपीगण आविद खान एवं कासिम खान निवासीगण बदरवास जिला शिवपुरी को 18.27 ग्राम अवैध मादक पदार्थ स्मैक के साथ गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध चांचौड़ा थाने में अप.क्र. 261/26 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया था । आरोपियो द्वारा पूछताछ पर उक्त स्मैक विकास मीना निवासी चक हरिचा से खरीदकर लाना बताया गया था जिस पर से पुलिस ने प्रकरण में विकास मीना को भी आरोपी शुमार करते हुए धारा 29 एनडीपीएस एक्ट का इजाफा किया जाकर आरोपी विकास मीना की तलाश प्रारंभ की गई ।
प्रकरण में फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चांचौड़ा थाना पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे थे । पुलिस टीम द्वारा आरोपी की तलाश एवं संभावित ठिकानों पर दबिश की कार्यवाही के साथ-साथ प्राप्त सूचनाओं के आधार पर उसकी गतिविधियों पर निरंतर नजर रखी जा रही थी । इसी क्रम में आज दिनांक 19 सितंबर 2026 को फरार आरोपी के संबंध में प्राप्त मुखबिर सूचना पर चांचौड़ा थाना पुलिस ने तत्पर एवं प्रभावी कार्यवाही करते हुए प्रकरण में तस्करों को स्मैक उपलब्ध कराने वाले फरार सप्लायर विकास उर्फ विक्की पुत्र निरंजन सिंह मीना निवासी ग्राम चक हरिचा जिला गुना को भी गिरफ्तार कर लिया गया ।
चांचौड़ा थाना पुलिस की इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप राजौरिया, सउनि राकेश भील, प्रधान आरक्षक अशोक वारिया, आरक्षक अर्जुन तोमर एवं आरक्षक अर्जुन भील की विशेष भूमिका रही है ।
