डॉ. बी.के. तिवारी एवं श्री हरवीर रघुवंशी को दी भावभीनी विदाई
गुना
प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, गुना में प्राचार्य डॉ. बी.के. तिवारी एवं सहायक ग्रंथपाल श्री हरवीर रघुवंशी के सेवानिवृत्त होने पर महाविद्यालय परिवार द्वारा विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नवनियुक्त प्राचार्य डॉ. सुमनलता श्रीवास्तव ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं वंदना के साथ हुआ। इसके बाद अतिथियों एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों का पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया। महाविद्यालय परिवार तथा जिले के विभिन्न महाविद्यालयों से आए प्राचार्यों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने दोनों को शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
समारोह में दोनों के सेवाकाल एवं महाविद्यालय के प्रति योगदान को याद किया गया। डॉ. बी.के. तिवारी ने अपने सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए महाविद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया और महाविद्यालय की प्रगति में सभी से सहयोग का आह्वान किया। श्री हरवीर रघुवंशी ने भी अपने सेवाकाल को याद करते हुए सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने पुस्तकालय को महाविद्यालय का महत्वपूर्ण विभाग बताते हुए इसकी गरिमा बनाए रखने की बात कही।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. मनोज कुमार भिरौरिया ने किया तथा आभार डॉ. वंदना गुप्ता ने व्यक्त किया।
