*गुमशुदा अथवा अपहृत नाबालिगों की दस्तयाबी में गुना पुलिस की सतत एवं संवेदनशील कार्यवाही*
चांचौड़ा थाना पुलिस ने अपहृत दो नाबालिग बालिकाओं को सुरक्षित दस्तयाब कर परिजनों से मिलाया
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल, संवेदनशील एवं मानवीय नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में नाबालिग बालक-बालिकाओं के अपहरण अथवा गुमशुदगी से संबंधित प्रकरणों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उनकी शीघ्र एवं सुरक्षित दस्तयाबी के लिए निरंतर प्रभावी, संवेदनशील एवं परिणाममुखी कार्यवाहियां की जा रही हैं ।
इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी चांचौड़ा श्री मनोज कुमार झा के पर्यवेक्षण में चांचौड़ा थाना पुलिस ने तत्परता एवं संवेदनशीलता का परिचय देते हुए थाना क्षेत्र से लापता हुई दो नाबालिग बालिकाओं को महज 48 घंटे के भीतर सुरक्षित दस्तयाब कर उनके परिजनों से मिला दिया है ।
उल्लेखनीय है कि दिनांक 03 सितंबर 2026 को चांचौड़ा थाना क्षेत्र से एक 17 वर्षीय नाबालिग बालिका के लापता होने पर उसके भाई द्वारा चांचौड़ा थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी । मामले में पुलिस द्वारा तत्काल अपराध क्रमांक 292/26, धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर बालिका की तलाश प्रारंभ की गई ।
इसी प्रकार दिनांक 03-04 सितंबर 2026 की रात्रि में चांचौड़ा थाना क्षेत्र से ही एक अन्य 17 वर्षीय नाबालिग बालिका के लापता होने पर उसकी मां द्वारा चांचौड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई । जिस पर पुलिस द्वारा तत्काल अपराध क्रमांक 294/26, धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर बालिका की तलाश शुरू की गई ।
दोनों प्रकरणों की गंभीरता को देखते हुए चांचौड़ा थाना पुलिस द्वारा तत्काल सक्रियता दिखाते हुए नाबालिग बालिकाओं की तलाश के लिए मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ-साथ तकनीकी संसाधनों एवं अन्य माध्यमों का प्रभावी उपयोग किया गया । पुलिस टीम द्वारा लगातार सूचना संकलन करते हुए संभावित स्थानों पर सघन खोजबीन की गई । पुलिस के इन निरंतर प्रयासों एवं सक्रिय सूचना तंत्र के परिणामस्वरूप आज दिनांक 05 सितंबर 2026 को बालिकाओं के संबंध में मुखबिर से प्राप्त अलग-अलग सूचनाओं के आधार पर चांचौड़ा थाना पुलिस द्वारा त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही करते हुए अपहृत दोनों नाबालिग बालिकाओं को सुरक्षित दस्तयाब कर लिया गया ।
दस्तयाबी के उपरांत आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण करते हुए दोनों बालिकाओं को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया । बाल कल्याण समिति की अध्यक्षा श्रीमती डॉ. नीरू शर्मा एवं समिति सदस्यों द्वारा आवश्यक कार्यवाही पूर्ण किए जाने के बाद दोनों बालिकाओं को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया ।
चांचौड़ा थाना पुलिस की इस तत्पर और सफल कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप राजौरिया के नेतृत्व में बीनागंज चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नीरज लोधी, सउनि ताराचंद सगर, सउनि राकेश भील, प्रधान आरक्षक सुनील रघुवंशी, आरक्षक रोहित भदौरिया एवं महिला आरक्षक कविता शर्मा की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही है ।
गुना पुलिस द्वारा नाबालिग बालक-बालिकाओं की सुरक्षा एवं उनकी सकुशल दस्तयाबी को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इसी प्रकार संवेदनशीलता, तत्परता एवं प्रभावी पुलिसिंग के साथ निरंतर कार्यवाही जारी रखी जाएंगीं ।
