जिला स्तरीय जनसुनवाई में प्राप्त हुए 190 आवेदन, कलेक्टर ने अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के दिए निर्देश
जरूरतमंद हितग्राहियों को रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से दी 10-10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता
गुना,
शासन के निर्देशानुसार मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट में आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई में कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने आमजन की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को आवेदनों का त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में सीमांकन, बिजली, पेंशन, नगरपालिका, स्वास्थ्य, नामांतरण सहित विभिन्न विषयों से संबंधित कुल 190 आवेदन प्राप्त हुए।
जनसुनवाई में आमजन की समस्याओं के प्रभावी निराकरण के लिए राजस्व एवं पंचायत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को संयुक्त रूप से बैठाया गया, जिससे दोनों विभागों से संबंधित शिकायतों का आपसी समन्वय से निराकरण किया जा सके। इस व्यवस्था के तहत कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया।
जरूरतमंद हितग्राहियों को दी आर्थिक सहायता
जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों के परीक्षण के उपरांत कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने जरूरतमंद हितग्राहियों को रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से आर्थिक सहायता प्रदान की। ग्राम मोइया निवासी श्री राजकुमार यादव एवं आरोन के कुम्हार मोहल्ला निवासी आवेदक ने चिकित्सा उपचार के लिए आर्थिक सहायता की मांग की थी। इसी प्रकार राघौगढ़ निवासी श्री नवल किशोर सैनी तथा गुना की श्रीराम कॉलोनी निवासी कुमारी देवांशी ने आर्थिक सहायता के लिए आवेदन प्रस्तुत किया था। आवेदनों के परीक्षण के उपरांत कलेक्टर श्री कन्याल द्वारा रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से 10-10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
जनसुनवाई के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे, एसडीएम गुना श्रीमती शिवानी पांडे, डिप्टी कलेक्टर सुश्री महिमा चौधरी एवं श्री दिव्यांशु शिवहरे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
