वालेंटियर्स गॉव-गॉव में कोरोना संक्रमण से बचाव हेतु लोगों को कर रहे हैं जागरूक
जिले में कोरोना संक्रमण की चैन तोड़ने के लिए मैं भी कोरोना वालेंटियर्स अभियान के तहत वालेंटियर्स, स्वयंसेवकों को जोड़कर मप्र जनअभियान परिषद द्वारा लोगों को कोरोना से बचाव के लिए जागरूक किया जा रहा है। साथ ही कोविड वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित भी किया जा रहा है। जिले में मैं भी कोरोना वालेंटियर्स अभियान के तहत 2500 से अधिक लोगों द्वारा पंजीयन कराया गया है।
जिले के सभी विकासखण्डों में कोरोना वालेंटियर्स द्वारा कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए गॉव-गॉव में लोगों को कोरोना महामारी के बारे में जानकारी देते हुए सचेत किया जा रहा है। कोरोना वालेंटियर्स लोगों को समझाईश दे रहे हैं कि सर्दी, खॉसी, बुखार होने पर लापरवाही नहीं बरतें, तुरंत डॉक्टर को दिखाएं। इसके साथ ही बेहद जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलें। मास्क लगाएं और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। समय-समय पर अपने हाथों को साबुन से धोते रहें या सैनेटाइज करते रहें। हम सुरक्षित रहेंगे तो हमारे घर-परिवार के सदस्य सुरक्षित रहेंगे।कोरोना वालेंटियर्स द्वारा 45 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को कोविड वैक्सीन लगवाने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है। साथ ही आवश्यकता पड़ने पर वैक्सीनेशन सेंटर तक ले लाने और वैक्सीन लगवाने में मदद भी कर रहे हैं। कोविड वैक्सीन लगवाने में संकोच कर रहे 45 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को समझाईश दी जा रही है कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए कड़ाई भी दवाई भी दोनों जरूरी है। जिले में कोरोना वालेंटियर्स द्वारा लगभग 760 से अधिक 45 वर्ष की आयु के लोगों को कोविड वैक्सीन लगवाने हेतु प्रेरित करते हुए वैक्सीनेशन सेंटर ले जाकर वैक्सीन लगवाई गई। इसके साथ ही वालेंटियर्स द्वारा दीवार लेखन के माध्यम से भी लोगों को कोरोना संक्रमण के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
