Type Here to Get Search Results !

एडीबी और भारत ने सिक्किम में सड़क उन्नयन परियोजना की तैयारी में आवश्‍यक सहयोग के लिए समझौते पर किए

नई दिल्ली । एशियाई विकास बैंक (एडीबी) और भारत सरकार ने आज सिक्किम में प्रमुख जिला सड़कों का उन्‍नयन करने हेतु परियोजना तैयार करने और डिजाइन संबंधी गतिविधियों में आवश्‍यक सहयोग देने के लिए 2.5 मिलियन डॉलर के परियोजना तैयारी वित्तपोषण (पीआरएफ) ऋण समझौते पर हस्ताक्षर किए जिनसे इस पूर्वोत्तर राज्य में महत्वपूर्ण कस्बों, ग्रामीण क्षेत्रों और तीर्थ एवं पर्यटन स्थलों से कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। प्रस्तावित सिक्किम प्रमुख जिला सड़क उन्नयन परियोजना के लिए पीआरएफ पर भारत सरकार की ओर से वित्त मंत्रालय के आर्थिक कार्य विभाग में अपर सचिव रजत कुमार मिश्रा और एडीबी की ओर से एडीबी के भारत निवासी मिशन के कंट्री डायरेक्‍टर ताकेओ कोनिशी ने हस्ताक्षर किए। श्री मिश्रा ने कहा कि पीआरएफ से प्रमुख जिला सड़कों एवं अन्य सड़कों और पुलों की समुचित योजना और डिजाइन के माध्यम से इस पहाड़ी राज्य में सड़क संपर्क (कनेक्टिविटी) को बेहतर करने संबंधी राज्य सरकार की प्राथमिकता में आवश्‍यक सहयोग मिलेगा जिनसे इस राज्य में आर्थिक विकास की गति तेज करने और दूरदराज के गांवों में लोगों की पहुंच को बेहतर करने में मदद मिलेगी। कोनिशी ने कहा, ‘पीआरएफ परियोजना का उद्देश्य व्यवहार्यता अध्ययनों के जरिए कार्यान्वयन संबंधी तैयारी सुनिश्चित करना, चयनित उप-परियोजनाओं के विस्तृत इंजीनियरिंग डिजाइन तैयार करना और इस राज्य की विभिन्‍न एजेंसियों का क्षमता निर्माण करना है, ताकि आगामी परियोजना समय पर पूरी हो सके। कोनिशी ने कहा, ‘इससे सृजित परिसंपत्तियों की दीर्घकालिक स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए आगामी परियोजना में सड़क सुरक्षा, रखरखाव, और जलवायु अनुकूलन एवं शमन के घटकों या अवयवों को शामिल करने में भी मदद मिलेगी।

source=https://pradeshlive.com/news.php?id=adb-and-india-sign-agreement-for-necessary-cooperation-in-preparation-of-road-upgradation-project-in-sikkim-300284

    

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.