अदनान खान सलामतपुर रायसेन।
कोविड-19 संक्रमण की रोकथाम एवं बचाव के लिए जिले में चलाए जा रहे वेक्सिनेशन महाअभियान के तहत कल शनिवार को सलामतपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में टीकाकरण किया जाएगा। इस विशेष महाअभियान शिविर में छुटे हुए लोगों को पहला व दूसरा दोनों डोज़ के वैक्सीन लगाए जाएंगे। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के मेडिकल ऑफिसर डॉ रवि राठौर ने बताया कि जिन लोगों ने कोविड-19 वायरस से बचाव हेतु दूसरा या पहला डोज नहीं लगवाया है ऐसे लोग कल शनिवार को सुबह 8 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक अस्पताल पहुंचकर वैक्सीन लगवा सकते हैं। और उन्होंने कहा कि हम भी छूटे हुए लोगों को चिन्हित कर उनको निश्चित समय सीमा में टीकाकरण सुनिश्चित कर रहे हैं। क्योंकि टीका नहीं लगवाना स्वयं के लिए तो खतरा है ही, परिजन और परिचितों के जीवन से खिलवाड़ भी है। यदि हम टीकाकरण नहीं करवाते तो हम अपनी बड़ी जिम्मेदारी से मुकर रहे हैं और यह शर्म की बात है। और टीकाकरण के लिए जागरूकता के साथ टोका-टोकी का अभियान भी शीघ्र ही चलाया जाएगा। गौरतलब है कि जहां एक तरफ प्रशासन लोगों को कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए हर प्रकार के सुरक्षा देने का प्रयास कर रहा है तो वहीं कुछ लोग ऐसे भी है, जो वैक्सीन का पहला डोज लगवाने के बाद दूसरा टीका लगवाने के लिए वैक्सीनेशन सेंटर पर नहीं पहुंच रहे है। यही कारण है कि जिले में दूसरा डोज नहीं लगवाने वाले लोगों की संख्या बढ़कर ढाई लाख पर पहुंच गई है।

