Type Here to Get Search Results !

टीबी मुक्त भारत की शपथ, 100 दिवसीय निक्षय अभियान का शुभारंभ

 


विश्व क्षय दिवस पर जिले में व्यापक जनजागरूकता

‎गुना 

कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर के मार्गदर्शन में विश्व क्षय दिवस के अवसर पर जिले में जनजागरूकता रैली, जनजागरूकता रथ, स्वास्थ्य शिविर एवं टीबी मुक्त भारत शपथ कार्यक्रम आयोजित किए गए।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर एवं श्री रमेश मालवीय द्वारा जनजागरूकता रथ एवं रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रथ में हैंड हेल्ड एक्स-रे मशीन सहित चिकित्सक एवं तकनीशियन की व्यवस्था की गई थी। यह रथ शहर से ग्राम सकतपुर पहुँचा, जहाँ टीबी स्क्रीनिंग शिविर आयोजित कर आमजन की टीबी स्क्रीनिंग के साथ ही हीमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर एवं ब्लड शुगर की जाँच की गई।


जिला क्षय अधिकारी डॉ. अनुराग जैन ने बताया कि टीबी उन्मूलन के लिए जनसहभागिता आवश्यक है। इसी उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से जनसमुदाय को टीबी उन्मूलन कार्यक्रम से जोड़ा गया। इसी प्रकार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बमोरी से विकासखंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. लक्ष्मी कुमार द्वारा जनजागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर ग्राम बिसोनिया रवाना किया गया, जहाँ स्वास्थ्य शिविर एवं टीबी स्क्रीनिंग कैंप आयोजित किया गया।


आज जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्‍याल द्वारा उपस्थित अधिकारियों एवं नागरिकों को 24 मार्च से प्रारंभ हो रहे 100 दिवसीय निक्षय अभियान की जानकारी दी गई तथा टीबी मुक्त भारत की शपथ दिलाई गई। सभी कार्यक्रम स्थलों पर निक्षय मित्र के रूप में कलेक्टर श्री कन्‍याल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला क्षय अधिकारी, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शिल्पा टांटिया सहित चिकित्सकों द्वारा टीबी उपचारत मरीजों को पोषण आहार के फूड पैकेट वितरित किए गए।


मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ऋषिश्वर ने बताया कि 100 दिवसीय निक्षय अभियान अंतर्गत सुदूर ग्रामों एवं अति जोखिम वाली आबादी में विशेष स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से टीबी की स्क्रीनिंग, जाँच एवं उपचार की सुविधा सुनिश्चित की जाएगी। कार्यक्रम में जिला क्षय केंद्र स्टाफ, एड्स नियंत्रण कार्यक्रम स्टाफ, जिला चिकित्सालय स्टाफ एवं विकास संवाद भोपाल द्वारा संचालित दस्तक परियोजना के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.