गुना
जिला प्रशासन द्वारा मानस भवन में विक्रम उत्सव 2026 के अंतर्गत “सृष्टि आरंभ दिवस, वर्ष प्रतिपदा विक्रम संवत 2083 के आरंभ” थीम पर कोटि सूर्योपासना कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक गुना श्री पन्नालाल शाक्य, कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल, सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे, एसडीएम श्रीमती शिवानी पांडेय सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत ब्रह्मध्वज स्थापना के साथ की गई, जिसके बाद दीप प्रज्वलन कर विधिवत आयोजन का शुभारंभ हुआ।
इस अवसर पर रंगमंच नाटक प्रस्तुति के माध्यम से सम्राट विक्रमादित्य की गाथाओं और उनके शौर्य का जीवंत चित्रण किया गया। विशेष बात यह रही कि नाटक के कलाकार स्थानीय गुना के ही थे, जिनकी प्रस्तुति को उपस्थित जनों ने सराहा।
कार्यक्रम के माध्यम से भारतीय संस्कृति, परंपरा और विक्रम संवत के महत्व को रेखांकित किया गया।
कार्यक्रम में मंच संचालन प्राचार्य सांदीपनी विद्यालय श्री आशीष टांटिया एवं आभार जिला शिक्षा अधिकारी श्री राजेश गोयल द्वारा व्यक्त किया गया।
