गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के अंतर्गत संचालित मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना के तहत जिले के हृदय रोग से ग्रसित एवं संदिग्ध 40 बच्चों को विशेषज्ञ जांच एवं उपचार हेतु शिवपुरी स्थित रोटरी हृदय जांच शिविर भेजा जा रहा है। सभी बच्चों को जिला शीघ्र हस्तक्षेप केंद्र (DEIC), गुना से सुरक्षित रूप से रवाना किया जाएगा। दिनांक 22 मार्च 2026 को बच्चों के आवागमन हेतु अरविंदो मेडिकल कॉलेज, इंदौर द्वारा वाहन व्यवस्था की गई है, जिससे बच्चों को समय पर, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित रूप से जांच एवं उपचार केंद्र तक पहुंचाया जा सकेगा।
योजना का उद्देश्य हृदय रोग से पीड़ित बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराकर उन्हें स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य प्रदान करना है। उल्लेखनीय है कि इन बच्चों की पहचान राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) टीम द्वारा विद्यालयों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों में किए गए नियमित स्वास्थ्य परीक्षणों के दौरान की गई है, जिसके पश्चात आवश्यकतानुसार विशेषज्ञ उपचार हेतु संदर्भित किया गया। कार्यक्रम से संबंधित अधिक जानकारी हेतु जिला शीघ्र हस्तक्षेप प्रबंधक श्रीमती विनीता सोनी से संपर्क किया जा सकता है।
