गुना
कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल के निर्देशानुसार एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर के मार्गदर्शन में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के उद्देश्य से 14 वर्ष तक की बच्चियों/छात्राओं को एचपीवी टीकाकरण हेतु शासकीय एकीकृत बालक माध्यमिक विद्यालय मानस भवन, गुना में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रभारी श्री नरेंद्र भारद्वाज (शिक्षक) एवं जिला चिकित्सालय गुना की राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम की परामर्शदाता/काउंसलर श्रीमती रेखा शर्मा द्वारा छात्राओं को एचपीवी टीकाकरण के महत्व, लाभ एवं समय पर टीकाकरण की आवश्यकता की जानकारी दी गई तथा उनकी शंकाओं का समाधान किया गया। साथ ही विद्यालय की छात्राओं को जिला चिकित्सालय गुना के टीकाकरण स्थल पर लाकर एचपीवी वैक्सीन लगवाई गई। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत समस्त ब्लॉकों में कार्यरत परामर्शदाताओं एवं प्रशिक्षकों द्वारा अभियान में सक्रिय सहभागिता की जा रही है। कार्यक्रम के साथियों द्वारा स्वयं एचपीवी वैक्सीन लगवाकर उदाहरण प्रस्तुत करते हुए अन्य लोगों को टीकाकरण के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
अभियान के अंतर्गत गांवों एवं शहरी क्षेत्रों में जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से दीवार लेखन कार्य भी किया जा रहा है, जिससे एचपीवी टीकाकरण एवं सर्वाइकल कैंसर से बचाव का संदेश व्यापक स्तर पर प्रसारित हो रहा है।
श्रीमति विनीता सोनी, जिला समन्वयक, राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम ने बताया कि एचपीवी टीकाकरण सर्वाइकल कैंसर से बचाव का प्रभावी माध्यम है तथा समय पर टीकाकरण से बालिकाओं का भविष्य सुरक्षित किया जा सकता है। इस पहल का उद्देश्य जिले की बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित रखते हुए स्वस्थ भविष्य सुनिश्चित करना है।
