*पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल का थाने में आकस्मिक निरीक्षण, व्वस्थाओं का लिया जायजा*
म्याना थाने का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने के निर्देश
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल द्वारा आज दिनांक 25 मार्च 2026 को रात्रि में जिले के म्याना थाने का आकस्मिक (सरप्राइज) निरीक्षण किया गया । निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर, मालखाना, हवालात, रोजनामचा, अपराध पंजी एवं लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की । पुलिस अधीक्षक द्वारा साफ-सफाई, अभिलेख संधारण एवं थाना व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए ।
निरीक्षण के दौरान श्रीमती वासल ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे आमजन की शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करें तथा ड्यूटी के दौरान अनुशासन एवं संवेदनशीलता बनाए रखें । उन्होंने महिला संबंधी अपराधों एवं लंबित प्रकरणों में शीघ्र कार्रवाई करने पर विशेष जोर दिया । साथ ही, रात्रि गश्त, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतत सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए ।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती वासल ने कहा कि जनता का विश्वास बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है, जिसके लिए पारदर्शिता, जवाबदेही एवं सक्रियता के साथ कार्य करना आवश्यक है । निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों को तत्काल सुधारने के निर्देश दिए गए एवं बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों/कर्मचारियों की सराहना भी की गई ।
