Type Here to Get Search Results !

कलेक्टर ने होटल संचालकों को वैकल्पिक ईंधन के उपयोग के लिए किया प्रेरित

 कलेक्टर ने होटल संचालकों को वैकल्पिक ईंधन के उपयोग के लिए किया प्रेरित


एलपीजी की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु दिए आवश्यक निर्देश

गुना 

एलपीजी की आपूर्ति को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में ऑयल कंपनियों के अधिकारी, खाद्य विभाग के अधिकारी, गैस एजेंसी संचालक तथा जिले के होटल एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के संचालक उपस्थित रहे। इस दौरान जिला आपूर्ति अधिकारी श्री अवधेश पांडेय भी मौजूद रहे।

बैठक में कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में एलपीजी के विवेकपूर्ण उपयोग की आवश्यकता है, ताकि घरेलू उपभोक्ताओं को गैस की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने होटल एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के संचालकों को एलपीजी के स्थान पर वैकल्पिक ईंधन के रूप में डीजल भट्टी, कोयला ईंधन, गोबर गैस तथा विद्युत उपकरण जैसे तंदूर, इंडक्शन और हीटर आदि के उपयोग के लिए प्रेरित किया।

कलेक्टर श्री कन्याल ने विशेष रूप से होटल संचालकों से अपील की कि वे घरेलू उपभोक्ताओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए एलपीजी के उपयोग को कम करें तथा जहां संभव हो वहां डीजल भट्टी एवं कोयला जैसे वैकल्पिक ईंधनों का उपयोग करें। उन्होंने कहा कि इससे घरेलू गैस की उपलब्धता प्रभावित नहीं होगी और आपूर्ति व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित होती रहेगी।

बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि घरेलू उपभोक्ताओं को नियमित रूप से एलपीजी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नई व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत पिछली डिलीवरी के 25 दिन बाद ही रिफिल बुकिंग का प्रावधान किया गया है, जिससे एलपीजी की अनावश्यक जमाखोरी एवं कालाबाजारी पर रोक लगाई जा सके।

कलेक्टर श्री कन्याल ने निर्देश दिए कि जिले में एलपीजी की जमाखोरी अथवा कालाबाजारी की किसी भी शिकायत पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी। वर्तमान में केवल व्यावसायिक गैस सिलेंडरों के प्रदाय को अस्थायी रूप से रोका गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है तथा आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.