उत्पादक समूहों की उन्मुखीकरण सह प्रबंधन कार्यशाला आयोजित
गुना
म.प्र. राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, जिला गुना अंतर्गत कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत गुना श्री अभिषेक दुबे के मार्गदर्शन में स्व सहायता समूह की महिलाओं को सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने हेतु विभिन्न नवाचार एवं पहल की जा रही हैं। शासन स्तर से भी इन प्रयासों को निरंतर सहयोग एवं प्रोत्साहन प्रदान किया जा रहा है।
इसी क्रम में आज जिला पंचायत सभा कक्ष, गुना में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत गुना की अध्यक्षता में स्व सहायता समूहों द्वारा गठित उत्पादक समूहों (Producer Groups) की उन्मुखीकरण सह प्रबंधन कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में जिले के सभी विकासखंडों के उत्पादक समूहों की दीदियों ने सहभागिता की।
जिला परियोजना प्रबंधक श्रीमती सोनू सुशीला यादव ने बताया कि उत्पादक समूहों के गठन का उद्देश्य स्व सहायता समूह के सदस्यों की कृषि उपज एवं कृषि आधारित उत्पादों को बेहतर विपणन अवसर उपलब्ध कराना है। उत्पादक समूहों के माध्यम से ग्राम स्तर पर कृषि उपज का एकत्रीकरण कर ग्रेडिंग के पश्चात बड़े बाजारों में विक्रय किया जा रहा है, जिससे समूहों को बेहतर लाभ प्राप्त हो रहा है तथा लघु एवं सीमांत कृषकों की लागत में भी कमी आ रही है। साथ ही कुछ उत्पादों का प्रसंस्करण कर विपणन किए जाने से समूहों की आय में वृद्धि हो रही है।
कार्यशाला में मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा उत्पादक समूह की दीदियों को मार्गदर्शन देते हुए कहा गया कि विकासखंडों में अधिक से अधिक उत्पादक समूहों को प्रोत्साहित किए जाने की आवश्यकता है, जिससे भविष्य में इन्हें किसान उत्पादक कंपनी (FPO) से जोड़कर बेहतर व्यापारिक अवसर प्रदान किए जा सकें।
उत्पादक समूह ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण एवं स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हो रहे हैं। इनके माध्यम से जहां एक ओर स्व सहायता समूह की महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं, वहीं दूसरी ओर “सशक्त महिला – सशक्त मध्यप्रदेश” एवं “आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश” की परिकल्पना को भी साकार रूप मिल रहा है।
उक्त कार्यशाला में आजीविका मिशन के जिला प्रबंधक श्री शैलेंद्र समुद्री युवा सलाहकार श्री सुयश मसीह, व समस्त विकासखंड प्रबंधक प्रदीप पुरी गोस्वामी सत्येंद्र रघुवंशी नीलिमा विजयवर्गीय माखन सिंह कुशवाहा अजब सिंह लोधा व उत्पादक समूह के सदस्य उपस्थित रहें।
