राघौगढ़ । नगर में मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार पैरालीगल वॉलिंटियर घनश्याम बीलरवान, महेश शर्मा, एवं अर्चना जादौन द्वारा आमजन को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विधिक साक्षरता शिविरों का आयोजन किया गया।
पहला शिविर बरखेड़ी मेवाती वार्ड क्रमांक 12 स्थित शासकीय विद्यालय में आयोजित किया गया । जहां माननीय व्यवहार न्यायधीश वरिष्ठ खंड शिवांगी श्रीवास्तव ने उपस्थित होकर लोगों को कानून से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। उन्होंने नागरिकों को उनके मौलिक अधिकार, निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने के तरीके एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही उपस्थित लोगों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान हेतु आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक लियाक़त खान, वार्ड पार्षद अशोक मीना, शहर काजी अनीस रहमानी, समाजसेवी फिरोजुद्दीन पाशा, अस्फाक खान, मुज्जी खान, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
इसी क्रम में दूसरा शिविर ग्राम बावड़ीखेड़ा वार्ड क्रमांक 14 में आयोजित किया गया। इस दौरान वार्ड पार्षद गोलू लोधा, समाजसेविका सपना साहू, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका तथा पीएलवी आदर्श श्रीवास्तव, अक्षय जैन, शिशुपाल कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, महिलाएं एवं बच्चियां उपस्थित रहीं। यहां भी लोगों को कानून संबंधी जानकारी देकर जागरूक किया गया।
इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य आमजन को विधिक रूप से सशक्त बनाना एवं उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा।



