गुना में विद्यारंभ सर्टिफिकेट वितरण समारोह संपन्न
गुना — आज जिला गुना में विद्यारंभ सर्टिफिकेट वितरण समारोह का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम परियोजना गुना शहरी एवं परियोजना गुना ग्रामीण के अंतर्गत संचालित आंगनवाड़ी केंद्रों में आयोजित हुआ।
परियोजना गुना शहरी के जुग्गी-झोपड़ी आंगनवाड़ी केंद्र तथा परियोजना गुना ग्रामीण के बजरंगगढ़ क्रमांक 2 आंगनवाड़ी केंद्र में 5 से 6 वर्ष आयु वर्ग के 30 से अधिक बच्चों को विद्यारंभ सर्टिफिकेट वितरित किए गए।
इस अवसर पर बच्चों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में भाग लिया, जिससे कार्यक्रम का माहौल आनंदमय और प्रेरणादायक रहा।
कार्यक्रम में आंगनवाड़ी पर्यवेक्षक श्रीमती रचना शर्मा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती सुनीता शर्मा एवं प्रीति सेन उपस्थित रहीं। साथ ही पिरामल फाउंडेशन से कार्यक्रम प्रबंधक अक्षय शर्मा एवं प्रोग्राम लीड उद्यम सिंह जी, तथा रॉकेट लर्निंग से जिला समन्वयक अनुराग शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही।
सभी अतिथियों ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए प्रारंभिक शिक्षा के इस महत्वपूर्ण चरण को सराहा। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में शिक्षा के प्रति रुचि जागृत करना एवं उन्हें औपचारिक शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना रहा।
