मौके पर किया कई आवेदनों का निराकरण, पक्षियों के लिए सकोरे और पौधे भी भेंट किए
गुना
केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने गुना जिला प्रवास के दौरान बजरंगगढ़ स्थित डाइट भवन में आयोजित कार्यक्रम में आमजन की समस्याएं सुनीं। इस अवसर पर उन्होंने नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी शिकायतें एवं आवेदन प्राप्त किए तथा संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्री सिंधिया ने क्रमवार नागरिकों की समस्याएं सुनीं। आमजन की सुविधा के लिए कार्यक्रम स्थल पर सुव्यवस्थित व्यवस्था की गई थी, जिससे लोग सहज रूप से अपने आवेदन प्रस्तुत कर सकें और अपनी बात रख सकें। साथ ही उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए उपस्थित नागरिकों को पौधरोपण के लिए पौधे तथा पक्षियों के लिए सकोरे भी भेंट किए।
इस दौरान प्राप्त कई आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। साथ ही पात्र हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत लाभ भी वितरित किए गए।
प्रशासन के प्रयासों की सराहना
केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने जनसुनवाई के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन, विशेष रूप से कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल और पुलिस अधीक्षक श्री अंकित सोनी के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के समन्वय से ही जनता की समस्याओं का प्रभावी समाधान संभव है।
कार्यक्रम में प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के मंत्री तथा गुना जिले के प्रभारी मंत्री श्री गोविन्द सिंह राजपूत, गुना विधायक श्री पन्नालाल शाक्य, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री धर्मेंद्र सिंह सिकरवार, उपाध्यक्ष श्रीमती सारिका लुम्बा, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती सविता गुप्ता, उपाध्यक्ष श्री धर्म सोनी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस अवसर पर कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल, पुलिस अधीक्षक श्री अंकित सोनी, एसडीएम गुना श्रीमती शिवानी पांडे, तहसीलदार श्री जी.एस. बैरवा सहित अन्य अधिकारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
