सामाजिक अधिकारिता शिविर में केंद्रीय मंत्री की सहभागिता, 1928 वरिष्ठजन एवं दिव्यांगजन लाभान्वित
8562 कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरित, कुल लागत 168.45 लाख रुपये
गुना
केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि दिव्यांगजन और वरिष्ठजन समाज के सम्मानित सदस्य हैं और उनकी सेवा करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि एक जनसेवक का कर्तव्य है कि वह हर परिस्थिति में जनता की समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रहे और समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाए।
जिले में दिसंबर 2024 से जनवरी 2026 के मध्य आयोजित विभिन्न सामाजिक अधिकारिता शिविरों में कुल 1928 वरिष्ठजन एवं दिव्यांगजनों का चिन्हांकन किया गया। इन चिन्हित हितग्राहियों को 8562 कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरित किए गए, जिनकी कुल लागत 168.45 लाख रुपये है।
जलसा गार्डन गुना में आयोजित कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने हितग्राहियों से आत्मीय संवाद किया तथा स्वयं उनके पास जाकर सहायक उपकरण वितरित किए और उनका हालचाल भी जाना। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गुना की पावन धरती पर इस प्रकार का कार्यक्रम विशेष महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि जब जनसेवक के रूप में जिम्मेदारी का दायित्व लिया जाता है, तो क्षेत्र की जनता की समस्याओं के समाधान के लिए हर स्थिति में कार्य करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास और प्रगति का पहिया निरंतर आगे बढ़ रहा है तथा सड़क, ट्रांसफार्मर और सब-स्टेशन जैसी अनेक विकास योजनाएं जनता के हित में संचालित की जा रही हैं। अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने बताया कि जब भी वे गुना के सर्किट हाउस में रुकते हैं, तो सुबह जनसंपर्क के दौरान विभिन्न समस्याओं को लेकर अनेक लोग उनसे मिलने आते हैं। इन मुलाकातों में कई बार विशेष क्षमता वाले उनके परिजन भी शामिल होते हैं, जिनसे वे जमीन पर बैठकर उनके जीवन और समस्याओं पर चर्चा करते हैं और उनके समाधान का प्रयास करते हैं। कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से नुक्कड़ नाटक एवं कठपुतली के माध्यम से नशे से होने वाले विभिन्न दुष्परिणामों के बारे में भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री श्री गोविन्द सिंह राजपूत ने कहा कि गरीबों, जरूरतमंदों और दिव्यांगजनों की सेवा ही सच्चे अर्थों में भगवान की सेवा है। जब हम किसी जरूरतमंद की मदद करते हैं, तब हमें उसी सेवा में ईश्वर का स्वरूप दिखाई देता है। आज इस कार्यक्रम के माध्यम से दिव्यांगजन भाइयों-बहनों को जो उपकरण प्रदान किए जा रहे हैं, वे केवल साधन नहीं हैं, बल्कि उनकी आत्मनिर्भरता और सम्मानजनक जीवन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं। विशेष रूप से जो दिव्यांगजन साइकिल चलाने में असमर्थ हैं, उनके लिए आज उपलब्ध कराई जा रही इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल उनके जीवन को आसान बनाएगी। इससे वे अपनी दैनिक दिनचर्या के कार्य कर सकेंगे, काम पर जा सकेंगे, परिवार और मित्रों से मिल सकेंगे। यह वास्तव में समाज सेवा का एक बड़ा कार्य है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को आज जो उपकरण मिल रहे हैं, वे उनके लिए किसी जीवन साथी से कम नहीं हैं। इनके माध्यम से वे अधिक आत्मविश्वास के साथ जीवन जी सकेंगे।
विधायक श्री पन्नालाल शाक्य ने कहा कि दिव्यांगजन हमारे समाज की विशेष प्रतिभा और शक्ति का प्रतीक हैं। सरकार द्वारा प्रदान किए जा रहे उपकरण उनके आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं। हमें भी यह संकल्प लेना चाहिए कि हम अपनी क्षमता के अनुसार समाज की सेवा और विकास में योगदान देंगे। यही इस कार्यक्रम का वास्तविक उद्देश्य है।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्र श्री महेन्द्र सिंह सिसौदिया, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री धर्मेंद्र सिंह सिकरवार, उपाध्यक्ष श्रीमती सारिका लुम्बा, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती सविता गुप्ता, उपाध्यक्ष श्री धर्म सोनी, सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल, पुलिस अधीक्षक श्री अंकित सोनी, अपर कलेक्टर श्री अखिलेश जैन, सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे सहित अन्य अधिकारी तथा बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित थे।
कार्यक्रम का मंच संचालक प्राचार्य सीएम राइज श्री आशीष टांटिया द्वारा किया गया। कार्यक्रम के समापन पर आभार प्रभारी उपसंचालक सामाजिक न्याय विभाग श्री अब्दुल गफ्फार द्वारा व्यक्त किया गया।
