16 गांवों के लगभग 12 हजार लोगों को मिलेगा बेहतर विद्युत आपूर्ति का लाभ
गुना
केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुना जिले के श्यामपुर ग्राम में मध्यप्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के 33/11 केव्ही, 5 एमवीए क्षमता के विद्युत उपकेंद्र कोंतर (श्यामपुर) का शुभारंभ कन्या पूजन के साथ किया। इस विद्युत उपकेंद्र के निर्माण पर लगभग 2.18 करोड़ रुपये की लागत आई है। इसके प्रारंभ होने से आसपास के 16 गांवों के लगभग 12 हजार लोगों को बेहतर एवं सुचारु विद्युत आपूर्ति का लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने कहा कि उन्होंने 25 वर्ष पूर्व एक संकल्प लिया था कि जब भी वे क्षेत्र की जनता के बीच आएंगे तो उनके विकास के लिए कुछ न कुछ लेकर ही आएंगे और कभी खाली हाथ नहीं आएंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों का विकास, उनकी प्रगति, सुख-समृद्धि और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करना उनके लिए केवल जिम्मेदारी ही नहीं बल्कि धर्म है। उन्होंने कहा कि महिलाएं सशक्त होंगी तो समाज और देश भी आगे बढ़ेगा। उन्होंने माताओं-बहनों से आग्रह किया कि वर्तमान में सर्वाइकल कैंसर के मामलों में वृद्धि देखी जा रही है, इसलिए 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं का टीकाकरण अवश्य कराया जाए। यह वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर की संभावना को कम करने में सहायक है।
प्रधानमंत्री आवासों का किया निरीक्षण
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने ग्राम कोंतर में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्मित आवासों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने आवासों की गुणवत्ता एवं व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान यह भी देखा गया कि कई आवासों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है तथा दीवारों पर सुंदर चित्रकारी की गई है, जिससे आवास परिसर का वातावरण स्वच्छ एवं आकर्षक दिखाई देता है।
केंद्रीय मंत्री ने मौके पर मौजूद हितग्राहियों से मुलाकात कर उनसे बातचीत भी की तथा योजनाओं से मिल रहे लाभ के बारे में जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम में प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के मंत्री तथा गुना जिले के प्रभारी मंत्री श्री गोविन्द सिंह राजपूत, पूर्व मंत्री श्री महेन्द्र सिंह सिसौदिया, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री धर्मेंद्र सिंह सिकरवार, उपाध्यक्ष श्रीमति सारिका लुंबा, जनपद अध्यक्ष गायत्री भील सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस अवसर पर कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल, पुलिस अधीक्षक श्री अंकित सोनी, सहित अन्य अधिकारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
