Type Here to Get Search Results !

समृद्धि ग्राम उमरी–आरी में ‘समृद्धि केंद्र’ का लोकार्पण, केंद्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की सहभागिता

 


भौतिक व डिजिटल सेवाओं के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर मिलेंगी विभिन्न सुविधाएं

गुना 

केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री श्री ज्‍योतिरादित्‍य सिंधिया ने जनपद पंचायत गुना के समृद्धि ग्राम उमरी–आरी में स्थापित ‘समृद्धि केंद्र’ का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने केंद्र में लगाई गई विभिन्न प्रदर्शनियों का अवलोकन करते हुए उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।

प्रदर्शनियों के माध्यम से बताया गया कि समृद्धि केंद्र के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर स्वास्थ्य सेवाएं, कृषि सेवाएं, डिजिटल व्यापार, ई-गवर्नेंस तथा सुरक्षा से संबंधित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे ग्रामीणों को अलग-अलग कार्यों के लिए विभिन्न स्थानों पर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। जानकारी दी गई कि इस नवाचार के लिए देशभर से केवल तीन गांवों का चयन किया गया है, जिनमें उमरी–आरी भी शामिल है। मध्यप्रदेश से यह एकमात्र चयनित ग्राम है। इस प्रयोग की सफलता के बाद इस मॉडल को अन्य गांवों में भी विस्तार दिए जाने की संभावना है।

समृद्धि केंद्र के माध्यम से शिक्षा एवं कौशल विकास, कृषि सहायता, स्वास्थ्य एवं टेलीमेडिसिन, ई-गवर्नेंस सेवाएं, वित्तीय समावेशन, ई-कॉमर्स, डिजिटल कनेक्टिविटी, निगरानी एवं सुरक्षा जैसे विभिन्न क्षेत्रों में सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यह केंद्र लगभग पांच किलोमीटर के दायरे में स्थित आसपास के गांवों को भी सेवाएं प्रदान करेगा तथा विभिन्न सामाजिक एवं जनसांख्यिकीय परिस्थितियों का प्रतिनिधित्व करेगा।

आधुनिक तकनीकों का किया अवलोकन

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने समृद्धि केंद्र की विभिन्न सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कंप्यूटर लैब, स्मार्ट क्लास, नेटवर्क रूम और कॉन्फ्रेंस रूम की व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा केंद्र की कार्यप्रणाली को समझा। इस दौरान उन्होंने एआर (ऑगमेंटेड रियलिटी) और वीआर (वर्चुअल रियलिटी) तकनीक का अवलोकन करते हुए डिजिटल माध्यम से जानकारी के प्रस्तुतीकरण को देखा। साथ ही उन्होंने ड्रोन तकनीक के उपयोग और उसकी कार्यप्रणाली के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।


बमोरी क्षेत्र में 10 सड़कों का लोकार्पण, 27 ग्रामों की 29 हजार से अधिक आबादी को लाभ

केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया द्वारा बमोरी विधानसभा क्षेत्र के 10 महत्वपूर्ण मार्गों का लोकार्पण भी किया गया। इन मार्गों की कुल लंबाई 28.26 किलोमीटर है तथा इन पर कुल 2059.23 लाख रुपये की लागत से कार्य पूर्ण किया गया है।

निर्मित मार्गों में परांठ बरोदिया रोड से डुमावन मार्ग, मीनापुरा बमोरी रोड से पांचोरा, मुरादपुर पटना रोड से खेजराबाबा, रिहाना से छापरी, बांसखेड़ी से इमलिया, खुटियावद जमरा रोड से पूनमखेड़ी, अगरा गांव से केदारनाथधाम, उमरी सिरसी रोड से हांसली वाया पिपरोदी हांसली अगरा रोड, दुधोनिया से गणेशखेड़ा तथा हस्तनापुर से बिलोदा मार्ग शामिल हैं।

इन सड़कों के निर्माण से 27 गांवों की लगभग 29,110 जनसंख्या को सीधा लाभ मिलेगा। बेहतर सड़क संपर्क होने से ग्रामीणों को अब शासन की विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं जैसे स्वास्थ्य, शिक्षा, आंगनबाड़ी, हाट-बाजार तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा।

सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने कहा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में भी वही अवसर उपलब्ध कराना आवश्यक है जो बड़े शहरों जैसे बेंगलुरु, चेन्नई, मुंबई, पुणे और दिल्ली में उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि गांवों के युवाओं और विशेष रूप से बेटियों में अपार क्षमता है, लेकिन उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए उचित अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि समृद्धि केंद्र के माध्यम से सरकारी सेवाएं, बैंकिंग सुविधाएं, डाक सेवाएं और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए बाजार से जुड़ने के अवसर ग्रामीणों को अपने ही गांव में उपलब्ध होंगे। इससे स्व सहायता समूहों और स्थानीय उत्पादकों को भी अपने उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि जैसे पहले पगडंडियां थीं, फिर सड़कें और हाईवे बने, उसी प्रकार आज के समय में मोबाइल नेटवर्क पगडंडी है और वाई-फाई हाईवे की तरह काम कर रहा है। दूरसंचार विभाग द्वारा गांवों तक 5G तकनीक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम में प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के मंत्री तथा गुना जिले के प्रभारी मंत्री श्री गोविन्द सिंह राजपूत, पूर्व मंत्री श्री महेन्‍द्र सिंह सिसौदिया, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री धर्मेंद्र सिंह सिकरवार, जिला पंचायत उपाध्‍यक्ष श्रीम‍ति सारिका लुंबा, सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस अवसर पर कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल, पुलिस अधीक्षक श्री अंकित सोनी, सहित अन्य अधिकारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.