गुना
धूम्रपान निषेध दिवस के अवसर पर कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशानुसार एवं सीएमएचओ डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर के मार्गदर्शन में जिला चिकित्सालय गुना में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम (NTCP) के अंतर्गत तंबाकू जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया।
जिला नोडल अधिकारी, राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम श्रीमती विनीता सोनी ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान मरीजों एवं आम नागरिकों को धूम्रपान एवं अन्य तंबाकू उत्पादों के सेवन से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य दुष्परिणामों की जानकारी दी गई तथा तंबाकू त्याग हेतु प्रेरित किया गया। सार्वजनिक स्थलों पर चेतावनी संदेशों वाले पंपलेट लगाए गए। साथ ही तंबाकू नियंत्रण अधिनियम के उल्लंघन पर मौके पर 4 व्यक्तियों पर कुल 200 रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया।
अस्पताल परिसर में तंबाकू का किसी न किसी रूप में सेवन कर रहे 41 व्यक्तियों को TCC (टोबैको सेसेशन सेंटर) से NRT (निकोटिन रिप्लेसमेंट थेरेपी) प्राप्त करने की सलाह दी गई, जिससे वे तंबाकू छोड़ने की दिशा में प्रभावी कदम उठा सकें। कार्यक्रम के क्रियान्वयन में जिला नोडल ऑफिसर के साथ नमिता खादीकर, इमरती वर्मा (मेट्रन), वर्षा माकोड, शैलेन्द्र सिंह, आदिल खान, मोनू जाटव, दीपक एवं शाकिर का सराहनीय योगदान रहा।
कार्यक्रम का उद्देश्य तंबाकू नियंत्रण के प्रति जन-जागरूकता सुदृढ़ करना तथा समाज को नशामुक्त दिशा में अग्रसर करना रहा।
