गुना
कुंभराज क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से एसडीएम चाचौड़ा श्री रवि मालवीय एवं एसडीओपी श्री मनोज झा द्वारा संयुक्त रूप से बांसाहेड़ा चौकी, थाना मृगवास का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने चौकी परिसर में साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया तथा शिकायत पंजी का अवलोकन किया। उन्होंने आमजन एवं पीड़ितों की लंबित शिकायतों के शीघ्र निराकरण के निर्देश देते हुए संबंधित मामलों पर विस्तार से चर्चा की।
अधिकारियों ने पुलिस के व्यवहार में सुधार पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिए कि शिकायतकर्ताओं एवं आम नागरिकों के साथ सौम्य एवं संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित किया जाए। साथ ही फरियादियों के लिए पेयजल एवं बैठने की व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया गया।
इस दौरान लंबित अपराधों की स्थिति की समीक्षा कर त्वरित जांच एवं शीघ्र कार्रवाई पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। आवश्यक सामग्री हेतु पुलिस अधीक्षक कार्यालय को मांग पत्र भेजने के निर्देश भी दिए गए। हवालात का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए गए। अधिकारियों ने कहा कि जिले में इस प्रकार के अनुभाग स्तरीय संयुक्त निरीक्षण से कानून एवं शांति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सकेगा।
निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी श्री सुरेश कुशवाह, चौकी प्रभारी श्री जगदीश जाटव, पुलिस बल एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
