*पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के संवेदनशील नेतृत्व में यातायात नियमों के पालन हेतु गुना पुलिस का सतत अभियान*
यातायात पुलिस की ओवरलोड वाहनों पर सख्त कार्यवाही
पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के सशक्त एवं संवेदनशील नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा आमजन को विभिन्न माध्यमों से यातायात नियमों के प्रति निरंतर जागरूक किया जा रहा है, इसके साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर भी कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मान सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन तथा डीएसपी ट्रैफिक श्री मुकेश कुमार दीक्षित के सतत पर्यवेक्षण में, टीआई ट्रैफिक श्री अजय प्रताप सिंह द्वारा ट्रैफिक अमले के साथ आज दिनांक 29 मार्च 2026 को दोपहर के समय नानाखेड़ी रोड, मंडी रोड एवं कैंट रोड पर ट्रैफिक अमले के साथ विशेष सघन अभियान चलाकर ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई की गई ।
अभियान के दौरान ऐसे वाहन चिन्हित किए गए जो निर्धारित क्षमता से कहीं अधिक भार वहन कर रहे थे । ट्रैक्टरों में लगभग 200-200 बोरी भरकर परिवहन किया जा रहा था, जो न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है बल्कि सड़क पर अन्य लोगों के लिए गंभीर खतरा भी उत्पन्न करता है । इसी प्रकार बसों में भी क्षमता से अधिक सवारियां बैठाकर यात्रियों की जान जोखिम में डाली जा रही थी। ऐसे सभी मामलों में मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई करते हुए 03 ट्रैक्टरों पर 6000-6000/- रुपये तथा 02 बसों पर 5000-5000/- रुपये का चालान किया गया ।
पूरे चेकिंग अभियान के दौरान कुल 28 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 39,500/- रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया । यह अभियान न केवल नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए बल्कि आमजन की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए चलाया गया ।
जिला पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि ओवरलोडिंग, तेज गति एवं लापरवाही से वाहन चलाने से बचें । यातायात नियमों का पालन करना केवल कानूनी बाध्यता नहीं बल्कि जीवन की सुरक्षा का आधार है ।
ट्रैफिक पुलिस गुना – आपकी सेवा में सदैव तत्पर, सुरक्षा और संकल्प ।
