Type Here to Get Search Results !

HPV टीकाकरण अभियान में लापरवाही पर प्रशासन सख्त

 

कारण बताओ नोटिस जारी, अनुशासनात्मक कार्यवाही के निर्देश

Guna -


कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिवर के मार्गदर्शन में जिले में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए HPV टीकाकरण अभियान प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु जिले के समस्त विकासखंडों में कुल 16 टीकाकरण केंद्र स्थापित किए गए हैं, ताकि कोई भी पात्र बालिका टीकाकरण से वंचित न रहे।


मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा अभियान की सतत समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि HPV टीकाकरण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। अभियान में शिथिलता बरतने वाली आशा एवं एएनएम के विरुद्ध कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर सख्त कार्यवाही के निर्देश समस्त खंड चिकित्सा अधिकारियों एवं मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारियों को दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपेक्षित प्रगति नहीं होने की स्थिति में बॉटम–2 ब्लॉक सहित संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।

इसी क्रम में भदौरा सीबीएमओ डॉ. शिल्पा टाटिया द्वारा गुना ग्रामीण क्षेत्र की आशा कार्यकर्ता सविता तोमर (सिलावटी) को टीकाकरण कार्य में लापरवाही पाए जाने पर कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया।

वहीं आरोन सीबीएमओ डॉ. के. एन. भीलवारे द्वारा अपने-अपने कार्य क्षेत्र में HPV टीकाकरण में लापरवाही पाए जाने पर राज बाई, फूला बाई (ग्राम झंझोंन), कृष्णा प्रजापति, शारदा अहिरवार (देवरी कला), रेखा बाल्मीकि (रामपुर) – आशा कार्यकर्ता, साथ ही अनीसा बानो (एएनएम, वार्ड क्रमांक 13) एवं ऊषा वर्मा (एएनएम, वार्ड क्रमांक 1) को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए गए हैं।

इसी प्रकार बमौरी के मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. लक्ष्मी कुमार द्वारा रामकली शाहू (ख्यादा), सीमा चौकसे (फतेहगढ़), सीमा भिलाला (डोंगरी), बसंती भिलाला, अंजू किरार (कुसेपुर), सोनी पवार (कालोनी), संगीता बाई (सिमरोद), बबली लोधा (ग्वारखेड़ा) एवं बाई (डोंगरपुर) सहित संबंधित आशा कार्यकर्ताओं को उनके कार्य क्षेत्रों में टीकाकरण में लापरवाही के चलते कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए गए हैं।

निर्धारित समय-सीमा में संतोषजनक जवाब प्राप्त नहीं होने की स्थिति में संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी। साथ ही जिले के समस्त अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अपनी पात्र बालिकाओं का समय पर HPV टीकाकरण कराकर अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.