खाद वितरण में लापरवाही बरतने पर 04 विक्रेताओं के लायसेंस निलंबित एवं 27 विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी
गुना
जिले में खाद वितरण में पारदर्शिता लाने के ई-विकास प्रणाली लागू की गई हैं। जिसके अंतर्गत डबल लॉक केन्द्र, सहकारी समिति, निजी उर्वरक विक्रेताओं द्वारा ई-टोकन के माध्यम से ही सभी प्रकार के खाद का विक्रय किया जाना हैं। लेकिन कई विक्रेताओं द्वारा ई-विकास प्रणाली के नियमों की अनदेखी करते हुये बिना ई-टोकन के कृषकों को खाद विक्रय किया गया। आईएफएमएस एवं ई-विकास पोर्टल से प्राप्त रिपोर्ट में भिन्नता पाये जाने पर जिले के 27 विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाकर स्पष्टीकरण चाहा गया था। उक्त विक्रेताओं में से 04 विक्रेताओं द्वारा उक्त आदेश की अवलेहना/स्पष्टीकरण न प्रस्तुत करने से उनके लायसेंस निलंबित कर दिये गये हैं। निलंबन की इस कार्यवाही के दायरे में मेसर्स अंसार ट्रेडर्स राघौगढ़, मेसर्स मेसर्स आरती कृषि सेवा केन्द्र कुंभराज, मेसर्स प्रियंका ट्रेडर्स बमौरी एवं मेसर्स रुचि ट्रेडर्स रुठियाई शामिल हैं।
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल द्वारा भी सख्त निर्देश दिये गये है कि सभी डबल लॉक केन्द्र, सहकारी समिति, निजी उर्वरक विक्रेता केवल ई-विकास प्रणाली का उपयोग करते हुये खाद विक्रय करें एवं केन्द्रों पर आने वाले कृषकों को भी ई-विकास (ई-टोकन) प्रणाली के बारे में अवगत कराते हुये कृषकों को ई-टोकन जारी करावें। जिले में किसी भी प्रकार से उर्वरकों का विक्रय बिना ई-टोकन प्रणाली के न किया जावें। अन्यथा संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही की जा सकती हैं।
