गुना पुलिस की बड़ी कार्यवाही : केंट थानांतर्गत लगभग 08 लाख कीमत के पान मसाला चोरी का सफल खुलासा,
*महज 24 घंटे में 5 आरोपी गिरफ्तार, 25 लाख रुपये का माल बरामद*
*चोरी का मुख्य सूत्रधार पवन रजक, पूर्व में फिरोती के लिए अपहरण के गंभीर प्रकरण में जा चुका है जेल*
*आरोपी पवन रजक को हाल ही में हत्या के प्रयास के एक प्रकरण में पांच वर्ष की सजा होने पर जेल में निरूद्ध*
*गिरफ्तार आरोपियों से चोरी की अन्य बारदातों के भी खुलाशा होने की संभावना*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल एवं संवेदनशील नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों में निरंतर प्रभावी और सख्त कार्यवाहियां करते हुए इन आराधों के आये दिन खुलासे किये जा रहे हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन एवं सीएसपी गुना श्रीमती प्रियंका मिश्रा के पर्यवेक्षण में कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव और उनकी टीम द्वारा थाना अंतर्गत कुश्मौदा में इंड्रस्ट्रियल एरिया से पान-मशाला गुटखा की गोदाम से करीब 08 लाख कीमत के गुटखा पाउच चोरी का सफल खुलाशा करते हुए प्रकरण में पांच आरोपी गिरफ्तार कर करीब 25 लाख का मशरूका बरामद करने में उल्लेखनीय सफलता हासिल की गई है ।
उल्लेखनीय है फरियादी अनुराग जैन निवासी मानस भवन गली, कैंट गुना द्वारा कैंट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि दिनांक 17-18 अप्रैल 2026 की दरम्यानी रात्रि में इंडस्ट्रियल एरिया कुसमोदा स्थित उसकी पान मसाला गुटखा पाउच की गोदाम से किन्हीं अज्ञात व्यक्तियों द्वारा पहेली पान मसाला की 22 बोरी एवं विमल पान मसाला की 5 बोरी, कुल 27 बोरियों में लगभग 08 लाख रुपये मूल्य का गुटका पाउच चोरी कर लिया गया । उक्त रिपोर्ट पर दिनांक 22 अप्रैल 2026 को कैंट थाने में अज्ञात आरोपियों के अपराध क्रमांक 279/26 धारा 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई ।
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस द्वारा आरोपियों की तलाश एवं पतारसी हेतु सघन प्रयास किए गए । इस दौरान अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया एवं घटनास्थल सहित आसपास के मार्गों के अनेक सीसीटीवी कैमरों का सूक्ष्मता से अवलोकन किया गया । जांच के दौरान चोरी के माल को ले जाते हुए एक इको कार एवं एक बोलेरो पिकअप वाहन की पहचान की गई, जिसके आधार पर पुलिस टीम आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही ।
आरोपियों की पहचान होते ही जिनकी गिरफ्तारी हेतु पुलिस द्वारा त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही की गई और दिनांक 23 अप्रैल 2026 को मात्र 24 घंटे के भीतर ही 5 आरोपियों 1-उपेंद्र उर्फ भूपेंद्र पुत्र दशरथ उर्फ भोला रजक (उम्र 23 वर्ष) निवासी ग्राम मेघोना थाना इंदार जिला शिवपुरी हाल साईं सिटी कॉलोनी गुना, 2-नरेश पुत्र लल्लू अहिरवार (उम्र 19 वर्ष) निवासी ग्राम साबरा पहाड़ थाना धरनावदा, 3-आर्यमन उर्फ काले खां पुत्र शंकरलाल पारदी (उम्र 19 वर्ष) निवासी ग्राम बीलाखेड़ी थाना धरनावदा, 4-बलराम पुत्र रुकसाद पारदी (उम्र 18 वर्ष) व राणा पुत्र रुकसाद पारदी (उम्र 18 वर्ष) एवं 5-राणा पुत्र रुकसाद पारदी (उम्र 18 वर्ष) निवासीगण ग्राम खेजरा थाना धरनावदा को गिरफ्तार कर लिया गया । पूछताछ में आरोपियों ने अपने साथी पवन रजक निवासी श्रीराम कॉलोनी गुना के साथ मिलकर उक्त चोरी करना स्वीकार किया । आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने पान मसाला पाउच के 21 कट्टों में लगभग 05 लाख रुपये मूल्य का माल बरामद किया है । साथ ही घटना में प्रयुक्त बोलेरो पिकअप वाहन क्रमांक MP 07 GA 8857 एवं इको कार क्रमांक MP08 ZH 7654 को विधिवत जप्त कर कुल लगभग 25 लाख रुपये मूल्य का मशरूका बरामद किया गया है । चोरी का शेष माल आरोपी पवन रजक के कब्जे में होना बताया गया है ।
प्रकरण में मुख्य आरोपी एवं सूत्रधार पवन रजक वर्तमान में जिला जेल में निरुद्ध है । उसकी गिरफ्तारी हेतु माननीय न्यायालय से अनुमति प्राप्त कर विधिवत कार्यवाही की जाएगी तथा शेष माल की बरामदगी सुनिश्चित की जाएगी । पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि पवन रजक के विरूद्ध पूर्व चल रहे अपने न्यायालयीन प्रकरणों में होने वाले खर्च की पूर्ति हेतु इस चोरी की योजना बनाई गई थी, जिसमें उसने अपने साथियों के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया ।
उल्लेखनीय है कि पवन रजक पूर्व में भी गंभीर अपराधों में संलिप्त रहा है । वर्ष 2023 में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर आरोन निवासी एक युवक का अपहरण कर फिरौती की मांग की थी, इस प्रकरण में आरोपी पवन रजक की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 10,000 का इनाम भी घोषित किया गया था । इसके अतिरिक्त आरोपी पवन रजक के विरूद्ध हत्या के प्रयास के पूर्व के एक प्रकरण में माननीय न्यायालय द्वारा दिनांक 18 अप्रैल 2026 को 5 वर्ष कारावास की सजा सुनाई गई, जिसके बाद से वह जेल में निरुद्ध है ।
प्रकरण में गिरफ्तारशुदा पारदी बदमाशों के नाम चोरी की अन्य बारदातों में भी सामने आए हैं, आरोपियों से आगे और पूछताछ की जाएगी, जिसमें चोरी की और भी बारदातों के खुलाशा होने की संभावना है ।
गुना पुलिस की इस त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही से न केवल एक बड़ी चोरी की वारदात का शीघ्र खुलासा हुआ है, बल्कि संगठित अपराध में संलिप्त आरोपियों के नेटवर्क का भी पर्दाफाश हुआ है । इस कार्यवाही से आमजन में सुरक्षा एवं विश्वास की भावना और अधिक सुदृढ़ हुई है । गुना पुलिस द्वारा जिले में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध इस प्रकार की सख्त कार्यवाहियां लगातार जारी रहेंगीं ।
गुना पुलिस की इस उल्लेखनीय कार्यवाही में केंट थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव, उपनिरीक्षक राहुल शर्मा, उपनिरीक्षक ज्योति राजपूत, उपनिरीक्षक अरुंधती राजावत, सउनि मिट्टूलाल विसोरिया, प्रधान आरक्षक अमित तिवारी, आरक्षक राजू बघेल, आरक्षक अभिनेष रघुवंशी, आरक्षक कुलदीप घुरैया, आरक्षक सूर्यभान जाट, आरक्षक विकास राजपूत, आरक्षक गौरव देवलिया व आरक्षक महेन्द्र वर्मा एवं साइबर सेल से आरक्षक कुलदीप यादव व आरक्षक भूपेंद्र खटीक आरक्षक तथा सीसीटीव्ही कंट्रोल से आरक्षक ओमचरण कुशवाह, महिला आरक्षक साक्षी सिकरवार व महिला आरक्षक दीक्षा रघुवंशी की सराहनीय भूमिका रही है ।
