रबी विपणन वर्ष 2026-27: गेहूँ उपार्जन को लेकर कलेक्टर ने जारी किये निर्देश
गुना
रबी विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिले में गेहूँ उपार्जन का कार्य 15 अप्रैल 2026 से प्रारंभ हो चुका है। शासन के निर्देशानुसार किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 25 अप्रैल से छोटे किसानों के साथ-साथ मध्यम एवं बड़े किसानों के लिए भी स्लॉट बुकिंग शुरू कर दी गई है।
बड़े किसानों की स्लॉट बुकिंग प्रारंभ होने के बाद उपार्जन केंद्रों पर किसानों और उपज की आवक में भारी वृद्धि की संभावना को देखते हुए कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने सभी उपार्जन केंद्र प्रभारियों एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर श्री कन्याल ने निर्देशित किया है कि प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त तौल कांटे (कम से कम 6), हम्माल एवं तुलावटी की व्यवस्था, स्टेंसिल व सिलाई की सुविधा उपलब्ध रहे। साथ ही ग्रीष्मकाल को ध्यान में रखते हुए किसानों के लिए पेयजल, छाया/शेड, बैठने की व्यवस्था एवं प्राथमिक उपचार की सुविधा अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने तुलाई कार्य शीघ्र पूर्ण कर परिवहन व्यवस्था तेज करने तथा किसानों को स्वीकृति पत्रक (Acceptance Note) तत्काल जारी करने के निर्देश दिए, ताकि उनके बैंक खातों में भुगतान प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके।
केंद्रों पर बारदानों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा जिला स्तर पर भंडारण क्षमता का पुनः आकलन कर सुदृढ़ भंडारण व्यवस्था बनाई जाए। इसके अलावा केंद्रों पर कानून व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए हैं।
कलेक्टर श्री कन्याल ने स्पष्ट किया है कि निर्देशों के पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
