Type Here to Get Search Results !

दिनांक 26 अप्रैल को होगी राज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा, तैयारियों की कलेक्टर ने की समीक्षा

 दिनांक 26 अप्रैल को होगी राज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा, तैयारियों की कलेक्टर ने की समीक्षा



गुना, 


राज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने बैठक आयोजित कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल, अपर कलेक्टर श्री अखिलेश जैन तथा उप वनमंडलाधिकारी श्री नीरज निश्चल (भा.व.से.) सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


बैठक में अपर कलेक्टर श्री अखिलेश जैन ने जानकारी दी कि मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग, इंदौर द्वारा आयोजित यह परीक्षा 26 अप्रैल 2026 को दो सत्रों में ओएमआर पद्धति से आयोजित की जाएगी। पहला सत्र प्रातः 10:00 से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय सत्र दोपहर 02:15 से 04:15 बजे तक होगा। परीक्षा जिला मुख्यालय के 5 परीक्षा केंद्रों पर संपन्न कराई जाएगी। आयोग द्वारा ग्वालियर संभाग के लिए श्री शेखर वर्मा, सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी को संभागीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।


इस वर्ष परीक्षा में पहली बार नवीन प्रक्रिया एवं उन्नत सुरक्षा व्यवस्था लागू की जा रही है। आयोग के निर्देशानुसार परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने हेतु Innovatiview India Ltd., दिल्ली को अधिकृत किया गया है, जो नई प्रणाली के तहत व्यवस्थाओं का संचालन करेगी।


नई व्यवस्था के अंतर्गत परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से 90 मिनट पूर्व अनिवार्य रूप से प्रवेश दिया जाएगा। कलेक्टर श्री कन्याल ने सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की सुनिश्चित व्यवस्था के निर्देश दिए। साथ ही केंद्रों का पूर्व निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।


कलेक्टर ने कहा कि परीक्षा का आयोजन पूरी पारदर्शिता एवं सख्ती के साथ किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना न रहे। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.