दिव्यांगजनों के रोजगार के लिये बनाये कार्ययोजना- कलेक्टर श्री कन्याल
श्रम एवं सामाजिक न्याय विभाग की समीक्षा बैठक सम्पन्न
गुना
जिले में संचालित श्रम एवं सामाजिक न्याय विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की मासिक समीक्षा बैठक का आयोजन आज कलेक्ट्रेट सभागार में कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में प्र. उपसंचालक सामाजिक न्याय विभाग श्री अब्दुल गफ्फार, श्रमपदाधिकारी श्री आशीष तिवारी सहित संबंधित विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री कन्याल ने विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तार से समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि श्रमिकों एवं पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने श्रमिक पंजीयन, श्रम कार्ड वितरण, तथा निर्माण श्रमिकों को दी जाने वाली सहायता योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
बैठक में सामाजिक न्याय विभाग अंतर्गत संचालित पेंशन योजनाएं, दिव्यांगजन कल्याण, वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं की भी समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों के लिये रोजगार एवं स्वरोजगार स्थापित किये जाने हेतु कार्ययोजना बनाई जाये। जिससे दिव्यांगजन स्वयं का रोजगार स्थापित कर आत्मनिर्भर बन सके। उन्होंने आगामी दिनांक 19 एवं 20 अप्रैल को मुख्यमंत्री कन्या विवाह अंतर्गत होने वाले कार्यक्रमों को लेकर आवश्यक तैयारियों को समय से पूर्व किये जाने के निर्देश दिये।
बैठक में विभागीय अधिकारियों द्वारा योजनाओं की प्रगति से अवगत कराया गया तथा आगामी कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई।
