कार्यों की सतत मॉनिटरिंग और गुणवत्ता पर दें विशेष ध्यान - कलेक्टर श्री कन्याल
नगर पालिका के कार्यों की समीक्षा बैठक में दिए आवश्यक दिशा निर्देश
गुना
आज कलेक्ट्रेट सभागार में कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में नगर पालिका के कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक दुबे, प्रभारी सीएमओ सुश्री मंजुषा खत्री सहित नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक के प्रारंभ में कलेक्टर श्री कन्याल ने स्वच्छ भारत अभियान की रैंकिंग पर चर्चा करते हुए स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर के वार्डों में स्वच्छता कार्यों की सतत निगरानी की जाए तथा सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों पर जुर्माना लगाया जाए। उन्होंने कहा कि लोगों को पहले जागरूक कर समझाइश दी जाए, इसके बाद भी नियमों का पालन नहीं करने पर दंडात्मक कार्रवाई की जाए।
बैठक में कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि कर्मचारियों को केवल कार्य सौंपना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी नियमित मॉनिटरिंग भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जितनी बेहतर निगरानी होगी, कार्य के परिणाम उतने ही प्रभावी होंगे।
बैठक में जिले में पेयजल आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने विभिन्न क्षेत्रों में जल वितरण, आपूर्ति की स्थिति तथा पेयजल समस्याओं की जानकारी ली। साथ ही जल स्रोतों एवं उनके संरक्षण पर भी चर्चा की गई। बैठक में जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जल संरक्षण एवं वाटर हार्वेस्टिंग को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में कलेक्टर ने नदियों की सफाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि नदी क्षेत्रों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए तथा अधिक से अधिक कचरा निकालने के लिए पर्याप्त डंपरों की व्यवस्था की जाए।
बैठक के अंत में कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि नगर विकास एवं स्वच्छता से जुड़े सभी कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता एवं निरंतर मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए ताकि आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
