ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर 20 अप्रैल से 19 मई तक होगा आयोजित
फिटनेस, व्यक्तित्व विकास एवं प्रतिभा खोज पर रहेगा विशेष फोकस
गुना
जिले में ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर के आयोजन को लेकर कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे सहित खेल एवं युवा कल्याण, स्कूल शिक्षा तथा अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
20 अप्रैल से 19 मई तक होंगे शिविर
बैठक में बताया गया कि 20 अप्रैल से 19 मई 2026 तक प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन किया जाएगा। शिविरों का उद्देश्य विद्यार्थियों को खेल प्रशिक्षण के साथ-साथ फिटनेस, व्यक्तित्व विकास एवं सामाजिक जागरूकता का समग्र मंच प्रदान करना है, जिससे प्रतिभाशाली विद्यार्थी उत्कृष्ट खिलाड़ी के रूप में विकसित हो सकें।
फिटनेस, नेतृत्व व सामाजिक जागरूकता पर विशेष ध्यान
इस वर्ष शिविर में खेलों के प्रति रुचि विकसित करने, शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने, प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान एवं प्रोफाइलिंग, नेतृत्व क्षमता का विकास तथा युवाओं को नशा मुक्ति, साइबर सुरक्षा एवं सामाजिक विषयों के प्रति जागरूक करने जैसे उद्देश्यों को शामिल किया गया है।
महिलाओं के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण पर जोर
साथ ही परिवार एवं समाज को फिटनेस एवं संस्कृति से जोड़ने तथा महिलाओं को आत्मरक्षा से संबंधित खेलों में प्रशिक्षण देने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।
‘मेरा युवा एमपी’ पोर्टल से होगा पंजीयन
शिविरों में प्रतिभागियों का पंजीयन “मेरा युवा एमपी” पोर्टल के माध्यम से 30 अप्रैल 2026 तक किया जाएगा। जिले में शिविर 20 अप्रैल से 19 मई तक प्रातः 6:00 बजे से 8:00 बजे तक एवं सायं 5:00 बजे से 7:30 बजे तक संचालित होंगे।
जिला मुख्यालय व विकासखंड स्तर पर होंगे विभिन्न खेल
जिला मुख्यालय पर बास्केटबॉल, हॉकी, जूडो एवं फुटबॉल खेलों का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जबकि विकासखंड मुख्यालयों पर कबड्डी, खो-खो, फुटबॉल, वॉलीबॉल एवं एथलेटिक्स में से न्यूनतम दो खेलों का चयन कर प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा।
साप्ताहिक प्रतियोगिताओं से होगा टैलेंट सर्च
खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा स्कूल शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इन शिविरों के दौरान साप्ताहिक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी, जिनके माध्यम से उत्कृष्ट खिलाड़ियों का चयन एवं टैलेंट सर्च किया जाएगा।
खेलों का सकारात्मक वातावरण बनाने पर जोर
बैठक में कलेक्टर श्री कन्याल ने निर्देश दिए कि जिले में खेलों का सकारात्मक वातावरण तैयार किया जाए, जिससे अधिक से अधिक युवा खेलों से जुड़ें। उन्होंने कहा कि खेलों से जुड़े बच्चे न केवल पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन करते हैं, बल्कि जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में भी आगे बढ़ते हैं। स्वस्थ शरीर एवं स्वस्थ मस्तिष्क के साथ उनका सर्वांगीण विकास संभव होता है।
विभागों को व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश
उन्होंने नगरीय प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग सहित संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
